Surajpur News: आधी रात की सनसनी: घर के बाहर से बाइक चोरी, जंगल में ले जाकर बदमाशों ने जला दी

Surajpur News: आधी रात की सनसनी: घर के बाहर से बाइक चोरी, जंगल में ले जाकर बदमाशों ने जला दी

Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत केवरा में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने गांव निवासी रामलखन बनाफर (45 वर्ष) की घर के बाहर खड़ी प्लेटिना मोटरसाइकिल को देर रात चोरी कर लिया और उसे गांव से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में ले जाकर आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, घटना 13 जून 2026 की रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। सुबह जब रामलखन की नींद खुली तो घर के बाहर खड़ी उनकी मोटरसाइकिल गायब थी। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला।

कुछ घंटों बाद गांव के लोगों ने जंगल के पास एक जली हुई बाइक देखी। इसका वीडियो बनाकर स्थानीय सोशल मीडिया समूहों में साझा किया गया। सूचना मिलने पर रामलखन मौके पर पहुंचे, जहां उनकी प्लेटिना मोटरसाइकिल लगभग 95 प्रतिशत तक जलकर खाक हो चुकी थी।

घटना की सूचना तत्काल डायल 112 को दी गई। सूचना मिलने के करीब 20 मिनट के भीतर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों ने पीड़ित को प्रतापपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी, ताकि मामले में विधिवत जांच शुरू की जा सके।

इस रहस्यमयी वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बदमाश बाइक को चोरी कर जंगल तक क्यों ले गए और उसे जलाने के पीछे क्या मकसद था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। वहीं ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही इस घटना का खुलासा होगा और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।


Related Articles