Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। रायपुर के सिविल लाइन स्थित न्यू सर्किट हाउस में आयोजित छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के कार्यक्रम में सांसद एवं संघ के उपाध्यक्ष विजय बघेल ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार खेल एवं खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भिलाई में खेल सुविधाओं के विस्तार की जरूरत बताते हुए मुख्यमंत्री से सर्वसुविधायुक्त इनडोर स्टेडियम और ऑडिटोरियम के निर्माण की मांग की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के अध्यक्ष विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री एवं संघ के उपाध्यक्ष केदार कश्यप ने की। इस अवसर पर संघ के महासचिव विक्रम सिंह सिसोदिया, कोषाध्यक्ष संजय मिश्रा, वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह खुराना सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से देश में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खिलाड़ियों के प्रति संवेदनशील हैं और जीत-हार दोनों परिस्थितियों में खिलाड़ियों का अभिभावक और कोच की तरह उत्साहवर्धन करते हैं। इसी तरह मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी प्रदेश के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रहे हैं।
विजय बघेल ने कहा कि पिछली सरकार के पांच वर्षों में प्रदेश में खेल गतिविधियां सुस्त पड़ गई थीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार के आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 156 खिलाड़ियों को एक साथ खेल अनुदान राशि प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया है। इससे खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ खेल गतिविधियों को भी गति मिली है।
भिलाई में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर सांसद विजय बघेल ने भिलाई इस्पात संयंत्र क्षेत्र में उपलब्ध रिक्त भूमि का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मंच के माध्यम से एक सर्वसुविधायुक्त इनडोर स्टेडियम और ऑडिटोरियम के निर्माण की घोषणा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भिलाई की धरती से लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलते रहे हैं। ऐसे में उद्योगों की सहभागिता के साथ यहां खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाना जरूरी है।

