Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज (केईसी), खम्हारिया, भिलाई में जिला स्तरीय रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में लगभग 20 प्रतिष्ठित कंपनियों और 580 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। मेले में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने पंजीयन कर विभिन्न कंपनियों के साक्षात्कार में हिस्सा लिया, वहीं कई युवाओं को मौके पर ही चयन पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपने कौशल को निखारने का आह्वान किया।
कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज के अध्यक्ष आनंद कुमार त्रिपाठी ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों, कंपनियों और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी युवाओं के कैरियर विकास और रोजगार सृजन के लिए इस प्रकार के आयोजन करता रहेगा।
रोजगार मेले में योकोहामा, कोटक, फ्लिपकार्ट, यूनिक सॉल्यूशंस, आरएसटी ग्रुप, पंजस्टार, एनआईआईटी रायपुर, एसआर हॉस्पिटल, आईटीएम एडुटेक, ग्लोबल एचआर सॉल्यूशंस सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियों ने भाग लिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रवींद्र शर्मा ने कहा कि यह आयोजन युवाओं और उद्योग जगत के बीच एक प्रभावी सेतु साबित हुआ है। कॉलेज का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराना भी है।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, दुर्ग के सहयोग से आयोजित इस रोजगार मेले में संस्था के अध्यक्ष आनंद त्रिपाठी, रोजगार कार्यालय प्रमुख श्री केड़िया, कृष्णा एजुकेशन सोसायटी के सचिव एच.के. मिश्रा, भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ संयोजक विनोद उपाध्याय, कॉलेज मैनेजर गोपेश शुक्ला, भाजपा किसान मोर्चा के भास्कर तिवारी, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

