Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़। नई दिल्ली में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। भारत मंडपम के हॉल नंबर 4 में स्थापित छत्तीसगढ़ पवेलियन में पुरातत्व विभाग द्वारा दुर्लभ पांडुलिपियों, ताम्रपत्रों और ऐतिहासिक अभिलेखों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इनमें कल्चुरि काल के दस्तावेजों से लेकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा की हस्तलिखित जेल पत्रिका तक शामिल हैं।
भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) द्वारा आयोजित इस मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन 1,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में स्थापित किया गया है। यहां आचार्य रमेंद्रनाथ मिश्र के संग्रह से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों को प्रदर्शित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 20 नवंबर को भारत मंडपम पहुंचकर छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन किया और कहा कि प्रदेश की पहचान अब बदल रही है। कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के लिए चर्चा में रहने वाला छत्तीसगढ़ आज अपनी जनजातीय विरासत, लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की संभावनाओं के साथ नई पहचान बना रहा है।
कल्चुरि काल के ताम्रपत्र और औषधीय पांडुलिपियां
प्रदर्शनी में रतनपुर के कल्चुरि काल में रचित ‘खूब तमाशा’ और ‘नासकेत’ नामक औषधीय पांडुलिपियां रखी गई हैं। इसके अलावा रायपुर के कल्चुरि राजवंश के अंतिम शासक अमर सिंह देव द्वारा वर्ष 1735 में जारी किया गया ताम्रपत्र भी प्रदर्शित किया गया है। यह दस्तावेज क्षेत्र के राजनीतिक और प्रशासनिक इतिहास की महत्वपूर्ण जानकारी देता है। गढ़ामंडल की वीरांगना रानी दुर्गावती के युग से संबंधित स्वर्णाक्षरित दुर्लभ पांडुलिपि भी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई है। रामायण विषयक पांडुलिपि और गोस्वामी तुलसीदास की शिष्य परंपरा से संबंधित सुषेनदास महाराज की दुर्लभ पांडुलिपि भी यहां रखी गई है।
छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि भी शामिल
प्रदर्शनी में वर्ष 1858 में बाबू रेवाराम कायस्थ पंडित द्वारा लिखित ‘तवारीख-ए-हैहैय राजाओं की’ भी प्रदर्शित की गई है। इसे छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि माना जाता है। रतनपुर को अपनी कर्मभूमि बनाने वाले बाबू रेवाराम प्रतिष्ठित इतिहासकार, कवि और विद्वान थे। उनके इस ग्रंथ में हैहैयवंशी यानी कल्चुरि राजाओं के इतिहास और शासनकाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलती हैं।
इसके साथ ही ग्वालियर के महाराजा दौलतराव सिंधिया के शासनकाल की मोड़ी लिपि में हस्तलिखित कर संबंधी सनद भी प्रदर्शनी का हिस्सा है। यह तत्कालीन राजस्व और प्रशासनिक व्यवस्था को समझने में मदद करती है।
प्रथम विश्वयुद्ध से पहले का आर्थिक दस्तावेज
प्रदर्शनी में बिलासपुर के पंडित रघुवंशनाथ ठाकुर द्वारा हस्तलिखित व्यय विवरणिका भी रखी गई है। पंडित ठाकुर, ई. राघवेंद्र राव के गुरु और मार्गदर्शक रहे थे। वर्ष 1913 के आसपास तैयार की गई यह विवरणिका प्रथम विश्वयुद्ध से पहले छत्तीसगढ़ की आर्थिक और वित्तीय स्थिति की जानकारी देती है। इसमें तत्कालीन दैनिक जीवन की वस्तुओं के मूल्य, खर्च और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े विवरण दर्ज हैं। यह दस्तावेज उस दौर के आर्थिक और सामाजिक जीवन को समझने का महत्वपूर्ण स्रोत माना जाता है।
पंडित सुंदरलाल शर्मा की जेल पत्रिका भी आकर्षण
प्रदर्शनी में ‘श्रीकृष्ण जन्मस्थान समाचार’ की मूल प्रति भी रखी गई है। इसे देश की पहली हस्तलिखित जेल पत्रिकाओं में से एक और एकमात्र सचित्र द्विमासिक जेल पत्रिका के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसका संपादन और प्रकाशन छत्तीसगढ़ के गांधी कहे जाने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा ने वर्ष 1921-22 के दौरान रायपुर जेल में रहते हुए किया था।
असहयोग आंदोलन के दौरान जेल में बंद रहने के समय उन्होंने इस पत्रिका के छह अंक तैयार किए थे। इसमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और कैदियों के साथ जेल में होने वाले दुर्व्यवहार, अमानवीय व्यवहार और कठिन परिस्थितियों का वर्णन किया गया था। इसके अलावा दुर्लभ चित्रित पांडुलिपियां भी प्रदर्शनी में शामिल हैं।
ज्ञान भारतम मिशन से होगा प्राचीन विरासत का संरक्षण
प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए केंद्र सरकार के ज्ञान भारतम मिशन के तहत खोज, सर्वेक्षण, सूचीकरण, संरक्षण और डिजिटलीकरण के प्रयास किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य देश की विशाल हस्तलिखित विरासत को सुरक्षित रखना और प्राचीन ज्ञान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है। यह पहल विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के अनुरूप सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को बढ़ावा दे रही है।
गौरतलब है कि 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 13 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। भारत मंडपम के हॉल नंबर 4 के प्रथम तल पर स्थित छत्तीसगढ़ पवेलियन का स्टॉल नंबर 4F-03-A है। यहां ऐतिहासिक दस्तावेजों के साथ प्रदेश की पारंपरिक कला, शिल्प, स्थानीय उत्पादों और विकास की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विकास की तस्वीर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहा है।

