Chhattisgarh Jashpur News: जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पमशाला में 1 करोड़ 97 लाख 56 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन कार्यों में महतारी सदन, सामुदायिक भवन, सड़क और पुलिया निर्माण शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने ग्राम गंझियाडीह, उपरकछार, सिकिरमा और अंबाकछार में 30-30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार महतारी सदनों का भूमिपूजन किया। इन भवनों के निर्माण पर कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के केंद्र बनेंगे। यहां महिलाएं आपसी संवाद के साथ विभिन्न गतिविधियां संचालित कर सकेंगी और स्वरोजगार से जुड़ी पहल को भी आगे बढ़ा सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने ग्राम तुबा, सिकिरमा, धौरासांड और मेंडरबहार में 13 लाख 27 हजार रुपये प्रति भवन की लागत से बनने वाले चार सामुदायिक भवनों का भी भूमिपूजन किया। इनके निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
पमशाला के बेराटोली में भजनो घर के पास 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन किया गया। वहीं, पमशाला में मुख्य मार्ग से मंदिर तक 14 लाख 48 हजार रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण किया गया। इन निर्माण कार्यों से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल दिया जा रहा है। वहीं, महतारी सदनों के जरिए उन्हें सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि महतारी सदन केवल भवन नहीं हैं, बल्कि गांव की माताओं और बहनों के लिए आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मनिर्भर बनने के अवसरों के केंद्र होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। सड़क, पुलिया और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाएं गांवों के दैनिक जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और गांवों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

