Chhattisgarh Balrampur News: बलरामपुर। जिले के खुखरी गांव के रखैतपारा में सब्जियों की फसल के बीच गांजे की अवैध खेती का मामला सामने आया है। पटवारी से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से गांजे के 112 पौधे जब्त किए हैं। बरामद गांजे का कुल वजन 36 किलो 300 ग्राम बताया गया है, जिसकी कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, 3 अक्टूबर को खुखरी के हल्का पटवारी ने सूचना दी थी कि कबीर साय टेकाम अपनी जमीन पर सब्जियों की फसल के बीच मादक पदार्थ गांजे के पौधे लगा रहा है। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार, कबीर साय टेकाम ने अपने घर की बाड़ी में सब्जियों की फसल के बीच गांजे की खेती करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद गांजे के छोटे-बड़े पौधों के साथ डगाल, हरे पत्ते और तने सहित कुल 112 पौधे बरामद किए। जब्ती की कार्रवाई पंचनामा तैयार कर की गई।
मामले में पुलिस ने आरोपी कबीर साय टेकाम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी रखी है।

