आज से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर अमित शाह: बस्तर में सुरक्षा, विकास और जनसुविधाओं पर रहेगा फोकस

आज से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर अमित शाह: बस्तर में सुरक्षा, विकास और जनसुविधाओं पर रहेगा फोकस

Amit Shah Visit Chhattisgarh: रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 17, 18 और 19 मई को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका फोकस सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, बस्तर क्षेत्र में विकास कार्यों की समीक्षा, जनसुविधाओं के विस्तार और मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक पर रहेगा। दौरे के दौरान रायपुर और बस्तर संभाग में कई अहम कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जानकारी के मुताबिक गृहमंत्री नेतानार का दौरा करेंगे और जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा वे डायल-112 सेवा के तहत शामिल 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस दौरे को सुरक्षा और विकास के बीच संतुलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रविवार रात रायपुर पहुंचेंगे शाह

गृहमंत्री अमित शाह रविवार शाम अहमदाबाद से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से रवाना होकर रात करीब 8:10 बजे रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे मेफेयर रिसॉर्ट जाएंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे। उनके दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर रखी गई है।

डायल-112 सेवा का पूरे प्रदेश में विस्तार

18 मई की सुबह अमित शाह रायपुर के पुलिस ट्रेनिंग स्कूल पहुंचेंगे। यहां वे डायल-112 सेवा के लिए शामिल 400 नए वाहनों को रवाना करेंगे। अभी तक यह सेवा प्रदेश के 16 जिलों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किया जाएगा। राज्य सरकार का दावा है कि इससे आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता और अधिक तेज व प्रभावी होगी।

हर जिले में पहुंचेगी मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट

राज्य सरकार अपराध जांच प्रणाली को तकनीकी रूप से मजबूत करने के लिए सभी 33 जिलों में अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स भी शुरू करेगी। इन वाहनों में आधुनिक जांच उपकरण लगाए गए हैं, जिनकी मदद से घटनास्थल पर ही शुरुआती वैज्ञानिक जांच संभव हो सकेगी।

रायपुर से सीधे बस्तर रवाना होंगे शाह

रायपुर कार्यक्रम के बाद अमित शाह विशेष विमान से जगदलपुर पहुंचेंगे। वहां से बीएसएफ हेलीकॉप्टर के जरिए वे बस्तर जिले के नेतानार जाएंगे, जहां जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगे। माना जा रहा है कि यह केंद्र ग्रामीणों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

शहीद जवानों को देंगे श्रद्धांजलि

नेतानार कार्यक्रम के बाद अमित शाह जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर नक्सल विरोधी अभियानों में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस कार्यक्रम को सुरक्षा बलों के मनोबल से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

विकास और सुरक्षा पर होगी समीक्षा बैठक

इसके बाद जगदलपुर में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी, जिसमें बस्तर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, सुरक्षा अभियानों और जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। विभिन्न विभागों की ओर से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

भाजपा कार्यकर्ताओं से करेंगे मुलाकात

शाम के समय अमित शाह भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे ‘बस्तर के संग’ नामक लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां बस्तर की पारंपरिक लोक कला और संस्कृति की झलक प्रस्तुत की जाएगी।

19 मई को होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक

दौरे के तीसरे दिन यानी 19 मई को जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता अमित शाह करेंगे। इसमें चार राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, क्षेत्रीय विकास, सुरक्षा व्यवस्था और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद दिल्ली लौटेंगे

बैठक के बाद अमित शाह प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसमें सुरक्षा और विकास से जुड़े अहम फैसलों की जानकारी साझा की जा सकती है। इसके बाद वे विशेष विमान से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

अमित शाह के इस दौरे को छत्तीसगढ़, खासकर बस्तर क्षेत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सुरक्षा और विकास के एजेंडे के साथ होने वाले इस दौरे पर राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर नजर बनी हुई है।


Related Articles