Manendragarh Latest News: बाइक को 200 मीटर तक घसीटता ले गया ट्रक, दो की मौके पर मौत, युवती ने अस्पताल में तोड़ा दम

Manendragarh Latest News: बाइक को 200 मीटर तक घसीटता ले गया ट्रक, दो की मौके पर मौत, युवती ने अस्पताल में तोड़ा दम

Chhattisgarh Manendragarh News: मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर इमली गोलाई के पास मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक और बाइक के बीच जोरदार टक्कर में दो युवतियों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, दो युवतियां और एक युवक बाइक से अस्पताल में इलाज कराने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में उनकी बाइक की ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ट्रक बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटता ले गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हादसे में युवक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरी युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान ग्राम नगोई निवासी भवन सिंह (27), ग्राम बरबसपुर निवासी भूमिका (18) और ग्राम नगोई निवासी प्रमिला (20) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व कांग्रेस विधायक गुलाब कमरो भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


Related Articles