Weather Latest Update: नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में आज मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, मध्य प्रदेश समेत करीब 15 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। कई क्षेत्रों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। साथ ही कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है।
दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी के आसार
राजधानी दिल्ली और NCR में आज धूल भरी आंधी, तेज हवाएं और हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार रात के समय बिजली चमकने और तेज तूफान की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
उत्तर प्रदेश में गर्मी से बेहाल लोग
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। बांदा में तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रयागराज और झांसी में भी तेज गर्मी ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि दक्षिणी यूपी में लू चलने की संभावना बनी हुई है।
राजस्थान में फिर बढ़ेगी तपिश
राजस्थान में 17 मई से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का नया दौर शुरू हो सकता है। जयपुर, बीकानेर और भरतपुर सहित कई इलाकों में तेज आंधी और हल्की बारिश के आसार हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
बिहार के गया, भागलपुर, दरभंगा, मधुबनी और कटिहार समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है। राजधानी पटना में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मध्य प्रदेश में बारिश की चेतावनी
मध्य प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पंजाब में आंधी और लू का डबल असर
पंजाब के अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट समेत कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं राज्य के कई हिस्सों में 20 मई तक लू का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
झारखंड, उत्तराखंड और हिमाचल में भी असर
झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। उत्तराखंड में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश में बादल छाए रहने और मौसम खराब रहने का अनुमान है।
तमिलनाडु में भारी बारिश जारी
तमिलनाडु में बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव का असर देखने को मिल रहा है। कई जिलों में लगातार भारी बारिश हो रही है और अगले दो दिनों तक तेज बारिश का अनुमान जताया गया है।

