IPL Betting Case in Raigarh: रायगढ़। छत्तीसगढ़ पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट सट्टेबाजी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए गोवा से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऐसे खास ऐप का इस्तेमाल कर रहे थे, जो मैच का लाइव अपडेट करीब 7 सेकेंड पहले देता था। इसी तकनीक का फायदा उठाकर वे सट्टेबाजों से पहले रेट अपडेट कर भारी मुनाफा कमाते थे।
मामला रायगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस जांच में हवाला नेटवर्क, डिजिटल बेटिंग आईडी और करोड़ों रुपए के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। आरोपियों के पास दुबई से बेटिंग आईडी आती थी, जिसे आगे एजेंटों और खिलाड़ियों तक पहुंचाया जाता था।
‘मन्नू नथानी’ गिरोह से जुड़े तार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सेंट्रल इंडिया के चर्चित सट्टा नेटवर्क संचालक ‘मन्नू नथानी’ गिरोह से जुड़े हुए थे। आरोपी ऊपर से बेटिंग आईडी लेकर नीचे एजेंटों और प्लेयर्स तक पहुंचाते थे और हर ट्रांजेक्शन पर कमीशन कमाते थे। इसके अलावा हवाला के जरिए पैसों का लेनदेन भी किया जाता था।
पहले हुई गिरफ्तारी से खुला नेटवर्क
इस मामले में पहले करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल की गिरफ्तारी हुई थी। पूछताछ के दौरान पुलिस को बड़े सट्टा सिंडिकेट और हवाला नेटवर्क से जुड़े इनपुट मिले। इसके बाद साइबर थाना और कोतवाली थाना पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की।
जांच के दौरान रायगढ़, रायपुर, सक्ती और खरसिया से जुड़े नेटवर्क के तार गोवा तक पहुंचे। पुलिस टीम ने गोवा के कैंडोलिम बीच इलाके में किराए के एक विला में दबिश दी।
मोबाइल और दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश
छापेमारी के दौरान अमित मित्तल, मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल और सुलभ खंडेलवाल ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते मिले। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मोबाइल फोन और दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश कर रहे थे।
मौके से 10 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी तीन अलग-अलग तरीकों से आईपीएल मैचों में सट्टा चला रहे थे।
हवाला नेटवर्क का भी खुलासा
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि गैंग हवाला के जरिए पैसों का लेनदेन करता था। मोबाइल फोन में नोटों के सीरियल नंबर शेयर कर रकम ट्रांसफर करने के सबूत मिले हैं। इससे पहले गिरफ्तार आरोपियों से 1 करोड़ रुपए से ज्यादा नकदी भी बरामद की जा चुकी है।
कई जिलों में दर्ज हैं केस
पुलिस के अनुसार अमित मित्तल के खिलाफ रायगढ़, खरसिया और घरघोड़ा क्षेत्रों में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के कई मामले दर्ज हैं। वहीं मोहित सोमानी पर रायपुर के विभिन्न थानों में सट्टा संचालन से जुड़े केस दर्ज हैं। अन्य आरोपी भी लंबे समय से इस नेटवर्क से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।
पुलिस अब इस पूरे सट्टा सिंडिकेट, हवाला कनेक्शन और विदेशी बेटिंग नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

