Balod Latest News: पैलेट प्लांट के खिलाफ ग्रामीणों का मोर्चा, भाजपा नेताओं ने भी किया समर्थन, जलस्रोत और खेती पर मंडराया खतरा

Balod Latest News: पैलेट प्लांट के खिलाफ ग्रामीणों का मोर्चा, भाजपा नेताओं ने भी किया समर्थन, जलस्रोत और खेती पर मंडराया खतरा

Chhattisgarh Balod News: बालोद। जिले के ग्राम गुदुम और पुसावड़ की सीमा पर प्रस्तावित लौह अयस्क शोधक एवं पैलेट प्लांट की स्थापना को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। मिनरल्स डायनामिक प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ग्राम पंचायत गुदुम के आश्रित ग्राम पिच्चेटोला क्षेत्र में प्लांट स्थापित करने की योजना है। इसके विरोध में पुसावड़ और पिच्चेटोला के सैकड़ों ग्रामीण प्रस्तावित स्थल पर एकत्रित होकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन को भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने भी समर्थन दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट की स्थापना से क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों और जनजीवन पर गंभीर असर पड़ सकता है। उनका दावा है कि इससे सीमावर्ती नदी का जलस्रोत प्रभावित होगा, पुसावड़ की कृषि भूमि की गुणवत्ता खराब होकर बंजर होने का खतरा है और लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्लांट स्थापना की प्रक्रिया में संवैधानिक और कानूनी प्रावधानों का पालन नहीं किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्लांट को लेकर पहले जनसुनवाई आयोजित की गई थी, लेकिन प्रभावित क्षेत्र के लोगों को इसकी जानकारी नहीं दी गई और न ही उन्हें इसमें शामिल होने के लिए बुलाया गया। उनका कहना है कि यदि समय पर उन्हें जनसुनवाई में अपनी आपत्ति रखने का अवसर मिलता, तो वे उसी समय विरोध दर्ज करा सकते थे। अब प्लांट स्थापित होने से गुदुम पंचायत के आश्रित ग्राम पिच्चेटोला और पुसावड़ पंचायत के लोगों को नुकसान होने की आशंका है।

ग्रामीणों ने एसडीएम और तहसीलदार को सूचना देकर सांकेतिक धरना दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि प्लांट स्थापना के लिए लाए गए सामान को तत्काल नहीं हटाया गया तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में गांव में पैलेट प्लांट स्थापित नहीं होने दिया जाएगा।

विरोध प्रदर्शन में भाजपा जनपद अध्यक्ष मुकेश कौड़ो, जनपद उपाध्यक्ष भोला राम नेताम, जनपद सदस्य तुलेश्वर हिचामी, जिला पंचायत सदस्य मिथलेश निरोटी, पुसावड़ सरपंच लोमन टोप्पा, पूर्व सरपंच ईश्वरी गोडरा सहित खेतु राम मानकर, दिवाकर कोरेटी, बाबू लाल रावटे, होमन भुआर्य, कमलेश साहू, बिहारी लाल कांगे, प्रमिला कोरेटी, बवंतीन मंडावी, विश्वनाथ कोमरे, रामलाल कोमरे, मनबोध चक्रधारी और राधेश्याम कोमरे सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।


Related Articles