Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी के दलदल सिवनी स्थित छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की शाखा में पैसे जमा कराने पहुंची एक महिला के पास से 50 रुपये के 25 नकली नोट मिले हैं। बैंककर्मियों ने नोटों की जांच के दौरान उनमें सुरक्षा संबंधी जरूरी फीचर नहीं पाए। इसके बाद नोटों को जाली चिह्नित कर पुलिस को सूचना दी गई। मामले में महिला के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
जानकारी के मुताबिक, 12 नवंबर को खाताधारक जानकी वराठे अपने खाते में 12,350 रुपये जमा कराने बैंक पहुंची थी। कैश काउंटर पर उसने 50 और 100 रुपये के नोट जमा करने के लिए दिए। बैंककर्मियों ने एडवांस मशीन और UV लैंप की मदद से नोटों की जांच की। इस दौरान 50 रुपये के 25 नोट नकली पाए गए, जिनकी कुल कीमत 1,250 रुपये है।
बैंक शाखा प्रबंधक संजय मिश्रा ने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने शिकायत में बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के निर्देशों के अनुसार, एक लेनदेन में चार से अधिक नकली नोट मिलने पर FIR दर्ज कराना अनिवार्य है। इसी के तहत बैंक की ओर से पुलिस को आवेदन दिया गया।
पुलिस ने जानकी वराठे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 179 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है कि महिला के पास ये नकली नोट कहां से आए और उसे इनके बारे में जानकारी थी या नहीं।

