Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। बस्तर के युवाओं की प्रतिभा अब पहाड़ों की ऊंची चोटियों तक पहुंच रही है। जगदलपुर के शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) कैडेट भुवनेश्वर कश्यप ने हिमाचल प्रदेश की चांशल पहाड़ियों में 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस दौरान उन्होंने करीब 6 किलोमीटर की कठिन ट्रेकिंग पूरी की और वहां राष्ट्रीय सेवा योजना का बैनर प्रदर्शित कर बस्तर सहित छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया।
भुवनेश्वर कश्यप हिमाचल प्रदेश के हटकोटी में आयोजित 10 दिवसीय एडवेंचर कैंप में शामिल हुए हैं। इस शिविर में प्रतिभागियों को विभिन्न साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में उन्होंने चांशल पहाड़ियों की चुनौतीपूर्ण चढ़ाई पूरी करते हुए 14,830 फीट की ऊंचाई तक पहुंचने का साहस दिखाया।
दुर्गम रास्तों और कठिन परिस्थितियों के बीच करीब 6 किलोमीटर की ट्रेकिंग पूरी करना चुनौतीपूर्ण था। भुवनेश्वर ने अपने साहस, दृढ़ संकल्प और मेहनत से इस चुनौती को पूरा किया। उनकी इस उपलब्धि से जगदलपुर और बस्तर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन सकती है कि मेहनत, हौसले और लगन से कठिन चुनौतियों को पार किया जा सकता है।

