Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने को भारत सरकार ने न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड (NSIL) में स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है। NSIL भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की वाणिज्यिक शाखा है। इस नियुक्ति को अंतरिक्ष क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
नलिनीश ठोकने ने एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग में A.M.A.E.S.I. की शिक्षा प्राप्त की है। बताया गया है कि भारत सरकार ने उनकी शैक्षणिक योग्यता और अनुभव को ध्यान में रखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है। इस संस्था के संरक्षक प्रधानमंत्री होते हैं। इसके प्रथम संरक्षक पंडित जवाहरलाल नेहरू थे, जबकि वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके संरक्षक हैं।
ठोकने वर्ष 2003 से भाजपा के मीडिया विभाग में सदस्य के रूप में कार्य कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश मीडिया विभाग में प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभाई है। वर्तमान में वे भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हैं। उन्होंने रायपुर उत्तर विधानसभा चुनाव में संयोजक के रूप में और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान तुलजापुर विधानसभा क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
पार्टी की ओर से उनकी सेवा, अनुभव और शैक्षणिक योग्यता को इस नियुक्ति का आधार बताया गया है। नियुक्ति पर भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग के पदाधिकारियों और प्रवक्ताओं ने प्रसन्नता जताते हुए नलिनीश ठोकने को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

