Chhattisgarh Sakti News: सक्ती। जिले की भोथिया तहसील के ग्राम झालरौंदा में 400 एकड़ से अधिक शासकीय जमीन को कथित तौर पर निजी नामों पर दर्ज किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम झालरौंदा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश चंद्रा ने इस संबंध में कलेक्टर को शिकायत सौंपकर बड़े पैमाने पर जमीन के फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। शिकायत सामने आने के बाद जिले में मामला चर्चा का विषय बन गया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, गांव में पदस्थ रहे पटवारी विशेश्वर सिंह सिदार ने अपने कार्यकाल के दौरान करीब 400 एकड़ सरकारी जमीन फर्जी किसानों के नाम पर दर्ज कर दी। आरोप है कि प्रति एकड़ 50 हजार रुपये के लेन-देन के आधार पर फर्जी पर्चियां तैयार की गईं। इन्हीं पर्चियों के जरिए सेवा सहकारी समिति में धान बेचकर बोनस की राशि प्राप्त की गई और बैंकों से ऋण भी लिया गया।
शिकायत में दीपक चौहान, घसिया राम कुर्रे और राकेश पर इस कथित फर्जीवाड़े में मुख्य भूमिका निभाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि दीपक चौहान ने अपने परिवार के अलग-अलग सदस्यों के नाम पर 30 एकड़ से अधिक सरकारी जमीन दर्ज कराई। इसमें अनिता चौहान के नाम 0.83 हेक्टेयर, दीपक कुमार चौहान के नाम 3.905 हेक्टेयर, दीपिका चौहान के नाम 1.368 हेक्टेयर, दुजराम चौहान के नाम 1.444 हेक्टेयर, विमला बाई के नाम 4.507 हेक्टेयर और राजू प्रसाद चौहान के नाम 5.574 हेक्टेयर जमीन दर्ज होने का उल्लेख शिकायत में किया गया है।
शिकायतकर्ता ने इस मामले में दो पत्रकारों की कथित संलिप्तता का आरोप भी लगाया है। उनके अनुसार, घसिया राम कुर्रे के नाम पर पहले 3.108 हेक्टेयर जमीन दर्ज थी, जो बढ़कर 6.271 हेक्टेयर हो गई। वहीं, हसौद निवासी पत्रकार शेख मुबारक के नाम पर झालरौंदा में अलग-अलग खसरा नंबरों के तहत कुल 2.839 हेक्टेयर जमीन दर्ज कराए जाने का आरोप लगाया गया है।
रमेश चंद्रा का दावा है कि कथित जमीन फर्जीवाड़ा केवल झालरौंदा तक सीमित नहीं है। पटवारी के प्रभार वाले बर्रा, बिछिया, आमापाली, हरदी और भोथिया सहित अन्य गांवों में भी इसी तरह की गड़बड़ी की आशंका है। उन्होंने कलेक्टर से पूरे मामले की आईएएस अधिकारी या उच्चस्तरीय जांच दल से जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि पिछले वर्ष संदिग्ध किसानों को 60 लाख रुपये से अधिक का बोनस भुगतान किया गया। शिकायतकर्ता ने इस वर्ष संबंधित किसानों की धान खरीदी और किसान उन्नति योजना की राशि पर जांच पूरी होने तक रोक लगाने, पिछले वर्ष भुगतान किए गए कथित फर्जी बोनस की वसूली करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उन्होंने शिकायत में कहा है कि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होने पर संबंधित आरोपितों को जिम्मेदार माना जाए।
फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और प्रशासनिक जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

