Raipur Latest News: PRA और बार्बरिक समूह पर आयकर का शिकंजा, 7 लॉकरों से मिले सोने-हीरे; 225 करोड़ की कर चोरी के संकेत

Raipur Latest News: PRA और बार्बरिक समूह पर आयकर का शिकंजा, 7 लॉकरों से मिले सोने-हीरे; 225 करोड़ की कर चोरी के संकेत

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोयला, स्पंज आयरन और सड़क निर्माण कारोबार से जुड़े PRA और बार्बरिक समूह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। आयकर विभाग की छापेमारी के बाद अब लॉकरों की जांच में अघोषित संपत्ति मिलने के संकेत मिले हैं। बुधवार को करीब सात और लॉकर खोले गए, जिनमें लाखों रुपये के सोने के आभूषण और हीरे मिलने की जानकारी सामने आई है। इनकी कीमत का आकलन किया जा रहा है। विभाग को अब तक 200 से 225 करोड़ रुपये से अधिक की संभावित कर चोरी के संकेत मिले हैं। वहीं, ढाई करोड़ रुपये से अधिक नकदी भी जब्त की गई है।

आयकर विभाग संदिग्ध बिलिंग, परियोजनाओं में बढ़ा-चढ़ाकर दिखाए गए खर्च और बुनियादी ढांचा निर्माण से जुड़े अघोषित लेनदेन की जांच कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, जांच आगे बढ़ने के साथ संभावित कर चोरी का आंकड़ा बढ़ सकता है। जब्त दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की पड़ताल के बाद वित्तीय अनियमितताओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

चार राज्यों के 50 ठिकानों पर हुई थी छापेमारी

आयकर विभाग ने करीब साढ़े तीन महीने तक समूह की वित्तीय गतिविधियों पर निगरानी रखने के बाद 18 नवंबर को कार्रवाई शुरू की थी। छत्तीसगढ़ में रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, जांजगीर-चांपा और सूरजपुर समेत विभिन्न शहरों में 32 ठिकानों पर तलाशी ली गई थी। इसके अलावा महाराष्ट्र, झारखंड और ओडिशा में भी करीब 18 ठिकानों पर दबिश दी गई थी।

पूरी कार्रवाई का नेतृत्व आयकर अन्वेषण महानिदेशक विजय कुमार पांडा कर रहे हैं। उनके साथ भोपाल के प्रधान निदेशक रवि किरण, अतिरिक्त निदेशक मोहल अग्रवाल और उप निदेशक नवल जैन भी जांच की निगरानी कर रहे हैं।

कई कंपनियां और निवेश जांच के दायरे में

आयकर विभाग की जांच केवल PRA India Private Limited तक सीमित नहीं है। समूह के निदेशकों के कारोबार और निवेश की भी पड़ताल की जा रही है। इसमें बार्बरिक इंडस्ट्रीज, श्री अंबिका पावर एंड शुगर, आर्गेनिक बेवरेजेज एंड फूड्स और हाईवे परियोजनाओं से जुड़े वित्तीय लेनदेन शामिल हैं।

जांच के दौरान समूह के निवेश की कड़ियां रायगढ़ के इस्पात और बिजली उद्योगों तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है। विभाग जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों, वित्तीय दस्तावेजों और कंप्यूटर डेटा की फोरेंसिक जांच करा रहा है। इसके जरिए अघोषित निवेश, संदिग्ध लेनदेन और संभावित कर चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल जांच जारी है और अंतिम आकलन के बाद ही कर चोरी तथा अघोषित संपत्ति की वास्तविक मात्रा स्पष्ट हो सकेगी।


Related Articles