Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। जिले के पाटन क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कूल बस ने बाइक सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। मृतक दंपति ग्राम भुरकुनी के निवासी थे और ग्राम कौही में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा 19 नवंबर की शाम करीब 6:40 बजे हुआ। मृतकों की पहचान ग्राम भुरकुनी निवासी द्रोणाचार्य साहू और उनकी पत्नी तामेश्वरी साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों ग्राम कौही में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाइक क्रमांक CG04QN7116 से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान पाटन के महामाया चौक से आगे अमलेश्वर रोड पर सुलभ शौचालय के पास सामने से आ रही स्कूल बस क्रमांक CG04-RC-1135 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल 112 की मदद से दोनों को पाटन के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने द्रोणाचार्य साहू को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल तामेश्वरी साहू को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

