Chhattisgarh News: व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू LPG सिलेंडरों के अवैध इस्तेमाल पर रोक की मांग, 303 संस्थानों की सूची सरकार को सौंपी

Chhattisgarh News: व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू LPG सिलेंडरों के अवैध इस्तेमाल पर रोक की मांग, 303 संस्थानों की सूची सरकार को सौंपी

Chhattisgarh News: रायपुर: छत्तीसगढ़ में शादी हॉल, मैरिज लॉन, होटल, कैफे, ढाबों और कैटरिंग किचन जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के कथित अवैध इस्तेमाल का मामला सामने आया है। इस पर रोक लगाने और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन ने सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है। संस्था का दावा है कि उसके कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के विभिन्न शहरों में सर्वेक्षण कर ऐसे 303 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सूची तैयार की है, जिसकी गोपनीय रिपोर्ट संबंधित विभागों और मंत्रालय को सौंपी गई है।

फाउंडेशन ने छत्तीसगढ़ के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, पेट्रोलियम मंत्रालय और रायपुर जिला प्रशासन का ध्यान इस मामले की ओर आकर्षित किया है। संस्था का कहना है कि व्यावसायिक स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल नियमों का उल्लंघन होने के साथ ही आगजनी और विस्फोट जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ा सकता है।

303 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का किया सर्वेक्षण

फाउंडेशन के अनुसार, रायपुर, बालोद, बिलासपुर, बलौदाबाजार, बेमेतरा, महासमुंद, गरियाबंद और राजनांदगांव सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों में सर्वेक्षण किया गया। इसमें शादी हॉल, मैरिज लॉन, होटल, कैफे, ढाबे और कैटरिंग किचन को शामिल किया गया। संस्था ने इन स्थानों पर घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के कथित इस्तेमाल को लेकर 303 प्रतिष्ठानों की सूची तैयार कर सरकार को रिपोर्ट सौंपी है।

संस्था ने मांग की है कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाई जाए। इसके लिए खाद्य आपूर्ति विभाग उड़न दस्तों का गठन करे और समय-समय पर औचक निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करे।

हर व्यावसायिक प्रतिष्ठान में लगाने की मांग की अनिवार्य सूचना

ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन ने शादी हॉल, मैरिज लॉन और कैटरिंग किचन के प्रवेश द्वार पर जागरूकता संबंधी बोर्ड लगाने की मांग की है। संस्था चाहती है कि इन स्थानों पर स्पष्ट रूप से लिखा जाए कि यहां केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही इस्तेमाल किया जाएगा और घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग कानूनन प्रतिबंधित है।

फाउंडेशन का कहना है कि घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडरों के इस्तेमाल से जुड़े नियमों का पालन नहीं होने पर गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में नियमित जांच और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई जरूरी है।

‘भाई आया रे गैस सिलेंडर’ गीत से सुरक्षा का संदेश

गैस सिलेंडरों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए फाउंडेशन ने ‘भाई आया रे गैस सिलेंडर’ नाम से विशेष सुरक्षा गीत तैयार किया है। संस्था के मुताबिक, इस गीत का विमोचन 9 अप्रैल 2026 को पद्मश्री डॉ. विलास डांगरे के हाथों किया गया था।

इस गीत के माध्यम से उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेते समय वजन जांचने, सील की स्थिति देखने और अन्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया है। संस्था ने प्रशासन से मांग की है कि सरकारी और निजी गैस वितरण वाहनों के साउंड सिस्टम पर इस सुरक्षा गीत को बजाना अनिवार्य किया जाए। यह गीत यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है।

प्रशासन की कार्रवाई नहीं होने पर जताई चिंता

फाउंडेशन ने आरोप लगाया है कि इस संबंध में पहले भी संबंधित विभागों और प्रशासन को पत्र भेजे गए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। संस्था का कहना है कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल जारी रहने से आम लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन सोलंके ने कहा कि व्यावसायिक स्थानों पर घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का इस्तेमाल आम जनता की जान-माल के लिए खतरा बन सकता है। उन्होंने बताया कि 303 प्रतिष्ठानों की गोपनीय सूची राज्य सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय को सौंपी गई है। उन्होंने मांग की कि तत्काल उड़न दस्तों का गठन कर औचक निरीक्षण और कानूनी कार्रवाई की जाए।

सरकार से तीन मांगों पर निर्णय लेने की अपील

ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन के कार्यकारी संचालक शुभम रंगारी और सुमित चव्हाण ने सरकार से तीन प्रमुख मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की है। इनमें व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों के इस्तेमाल पर रोक, गैस सुरक्षा गीत के माध्यम से जनजागरूकता और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित जांच एवं कार्रवाई शामिल है। संस्था ने आम नागरिकों से भी उपभोक्ता अधिकारों और गैस सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है।


Related Articles