Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। जिले के अमलेश्वर–खुड़मुड़ा मार्ग पर देर रात राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है। ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे पत्रकार आनन्द राणा को कथित तौर पर कुछ लोगों ने रास्ते में रोकने का प्रयास किया। वाहन नहीं रोकने पर पीछे से गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। घटना के बाद पत्रकार ने अमलेश्वर थाने में लिखित शिकायत देकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच कराने और मार्ग पर रात्रिकालीन पेट्रोलिंग बढ़ाने का आश्वासन दिया है।
शिकायत के मुताबिक, घटना 15 नवंबर 2026 की रात करीब 10:20 बजे की है। पत्रकार आनन्द राणा अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास एक नीले रंग के ई-रिक्शा में दो से तीन व्यक्ति मौजूद थे। तभी झाड़ियों के पीछे से एक अन्य व्यक्ति निकलकर उनकी ओर आया और वाहन रोकने का प्रयास करने लगा। अनहोनी की आशंका को देखते हुए पत्रकार ने वाहन नहीं रोका और तेजी से वहां से निकल गए। इसके बाद पीछे से उनके साथ गाली-गलौज की गई।
पत्रकार ने शिकायत में यह भी बताया कि इससे पहले इसी स्थान पर रात करीब 9:30 बजे स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सवार एक युवक ने उन्हें रोकने की कोशिश की थी। एक ही स्थान पर दो बार इस तरह की घटनाएं होने से उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। उन्होंने आशंका जताई है कि देर रात मार्ग पर संदिग्ध लोगों का जमावड़ा रहता है, जिससे आम राहगीरों के साथ भी अप्रिय घटना हो सकती है।
मामले में अमलेश्वर थाना प्रभारी ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जांच कराने और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साथ ही अमलेश्वर–खुड़मुड़ा मार्ग पर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की बात कही है।
पत्रकार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मार्ग पर नियमित रात्रिकालीन गश्त की जाए और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखी जाए, ताकि देर रात आवागमन करने वाले पत्रकारों सहित आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

