Raipur Latest News: राजधानी की बदहाल सफाई व्यवस्था पर शासन की कार्रवाई, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना का आरोप, 3 दिन में देना होगा स्पष्टीकरण

Raipur Latest News: राजधानी की बदहाल सफाई व्यवस्था पर शासन की कार्रवाई, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना का आरोप, 3 दिन में देना होगा स्पष्टीकरण

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी में सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों और समाचारों के बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने रायपुर नगर निगम के दो वरिष्ठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें निगम उपायुक्त एवं सफाई प्रभारी जसदेव बाबरा और जोन क्रमांक-4 की आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी शामिल हैं। विभाग ने दोनों अधिकारियों से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि प्रत्येक समीक्षा बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और इसमें सुधार करने के निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के अनुरूप कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया। विभाग ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही को लेकर नाराजगी जाहिर की है।

नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि आए दिन समाचार पत्रों में शहर के अलग-अलग इलाकों में गंदगी फैले होने की खबरें प्रकाशित होती रहती हैं। इससे नगर निगम और शासन की छवि धूमिल हो रही है। साथ ही संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 और छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम (अधिकारियों तथा सेवकों की नियुक्ति एवं सेवा के निबंधन एवं शर्तें) नियम, 2018 के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किया है। दोनों अधिकारियों को रायपुर नगर निगम आयुक्त के माध्यम से तीन दिनों के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करना होगा।

वहीं, निगम आयुक्त को निर्देश दिया गया है कि दोनों अधिकारियों से प्राप्त जवाब का परीक्षण कर अपना अभिमत सहित संचालनालय को भेजें। निर्धारित समयावधि में स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर विभाग नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई कर सकता है।


Related Articles