Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 130 किलो गांजा जब्त किया है। इस मामले में महाराष्ट्र के रहने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारों को भी जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, सभी आरोपी दो कारों में गांजा भरकर ओडिशा से महाराष्ट्र जा रहे थे। इसी दौरान अर्जुनी थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तस्करी का खुलासा किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों कारों को रोका और तलाशी ली। इस दौरान करीब 130 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद मौके से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही गांजा तस्करी के नेटवर्क और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में कुंदन उर्फ सचिन ईगेड़े (27 वर्ष), पिता कैलाश ईगेड़े, निवासी ग्राम मलकापुर वागुढ़, जिला बुलढाणा, महाराष्ट्र; रामेश्वर दांडगे (31 वर्ष), पिता सालिक राम, निवासी संभाजी नगर हाईवे, जलगांव, महाराष्ट्र; राबिनसंन लारेंस (32 वर्ष), पिता फर्नाडींस लारेंस, निवासी वेललाड़े, जलगांव, महाराष्ट्र; लखन बेलदार (34 वर्ष), पिता गुलाब बेलदार, निवासी वेललाड़े, जलगांव, महाराष्ट्र और गणेश पाटिल (29 वर्ष), पिता विजय पाटिल, निवासी वेललाड़े, जलगांव, महाराष्ट्र शामिल हैं।

