Korba Latest News: अंबिकापुर-बिलासपुर हाईवे पर भीषण हादसा, खड़ी यात्री बस में पीछे से घुसा तेज रफ्तार ट्रेलर, दो यात्रियों की मौत और पांच घायल

Korba Latest News: अंबिकापुर-बिलासपुर हाईवे पर भीषण हादसा, खड़ी यात्री बस में पीछे से घुसा तेज रफ्तार ट्रेलर, दो यात्रियों की मौत और पांच घायल

Chhattisgarh Korba News: कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर रविवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम तानाखार स्थित अनूप ढाबा के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी यात्री बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना रात करीब 2:30 बजे हुई। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, कुनकुरी से रायपुर जा रही रॉयल यात्री बस क्रमांक CG-06-HD-2962 तानाखार के पास अनूप ढाबा के नजदीक रुकी थी। कुछ यात्रियों ने लघुशंका के लिए बस रोकने को कहा था, जिसके बाद चालक ने बस सड़क किनारे खड़ी कर दी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर क्रमांक CG-04-PX-7808 ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में संतोष लकड़ा (34), निवासी कुनकुरी और सिंधु प्रधान (40), निवासी अड़पालर, देवभोग जिला गरियाबंद की मौत हो गई। वहीं पांच यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। थाना प्रभारी राजेश तिवारी के मुताबिक, दुर्घटना में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं और फिलहाल चलने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है।


Related Articles