Raipur Latest News: चोरी कर भागते आरोपी को घर के सदस्य ने देखा, हुलिए के आधार पर पुलिस ने एक घंटे में सुलझाया मामला

Raipur Latest News: चोरी कर भागते आरोपी को घर के सदस्य ने देखा, हुलिए के आधार पर पुलिस ने एक घंटे में सुलझाया मामला

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी इलाके में दीपावली की रात चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने एक घंटे से भी कम समय में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने नया मंगल बाजार स्थित एक घर के पूजा घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 47 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब 2.97 लाख रुपये का पूरा सामान बरामद किया है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये बताई गई है।

मामला थाना गुढ़ियारी क्षेत्र के नया मंगल बाजार का है। पुलिस के मुताबिक, दीपावली पर घर में लक्ष्मी पूजन की तैयारी की गई थी। इस दौरान परिवार की महिला ने सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पूजा घर में रखे थे। पूजा घर का दरवाजा खुला होने का फायदा उठाकर चोर घर के अंदर दाखिल हुए और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

वारदात के दौरान घर के पुरुष सदस्य की नींद खुल गई। वे बाथरूम जाने के लिए उठे तो उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से चोरी कर बाहर जाते हुए देखा। इसके बाद परिवार को चोरी की जानकारी हुई और महिला ने गुढ़ियारी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए नॉर्थ जोन की डीसीपी दीपमाला कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई। एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र साहू की टीम ने ACCU के साथ मिलकर आरोपियों की तलाश शुरू की।

घर से भागते समय संदिग्ध को देखने वाले व्यक्ति ने पुलिस को उसका हुलिया बताया था। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने आसपास के संदिग्ध लोगों की पहचान कर पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई और दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के एक घंटे से भी कम समय में आरोपियों को पकड़कर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नयन राजपूत (24), पिता रामू ठाकुर, निवासी बच्चन चौक, कुंदरापारा और आर्यन चौहान (19), पिता हीरानंद चौहान, निवासी कलिंग नगर, वतन चिकन सेंटर के पास, थाना गुढ़ियारी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। नयन राजपूत के खिलाफ चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत चार मामले दर्ज हैं, जबकि आर्यन चौहान के खिलाफ लूट और आईटी एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। रायपुर कमिश्नरेट ने त्योहारों के दौरान लोगों से घर में रखे कीमती आभूषण और नकदी सुरक्षित रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।


Related Articles