Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मामूली विवाद के बाद एक छात्र की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र के हैरिटेज स्कूल के पीछे हरिनगर स्थित एक पीजी की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों वैभव मानकर और राजकुमार यादव को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
एएसपी शोभराज अग्रवाल के अनुसार सोमवार दोपहर चित्रेश सहारे (26) अपने दोस्त रवि के पीजी रूम में एक महिला मित्र के साथ पहुंचा था। इसी दौरान पीजी में रहने वाले वैभव और राजकुमार यादव से सिगरेट मांगने को लेकर विवाद हो गया। महिला मित्र से कथित तौर पर दुर्व्यवहार किए जाने की बात को लेकर भी विवाद बढ़ गया और मामला गाली-गलौज व हाथापाई तक पहुंच गया।
पुलिस के अनुसार आरोप है कि विवाद के दौरान वैभव और राजकुमार ने चित्रेश के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार पैर और जांघ में लगने से चित्रेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के शव को जिला अस्पताल दुर्ग की मर्चुरी में रखा गया है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर विवाद की पूरी वजह स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।
चित्रेश की मौत की खबर मिलने के बाद उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने वैभव मानकर (23) और राजकुमार यादव को हिरासत में लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई पूछताछ और जांच के आधार पर की जा रही है।

