Chhattisgarh Surajpur Latest News: सूरजपुर। प्रशासनिक फेरबदल के बाद सूरजपुर जिले के तीनों अनुविभागीय कार्यालयों में एसडीएम की नई पदस्थापना नहीं होने का मामला सामने आया है। सूरजपुर, भैयाथान और प्रतापपुर अनुभाग में एसडीएम के तबादले के बाद पद खाली होने से राजस्व और प्रशासन से जुड़े कार्यों के लिए ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दूर-दराज के इलाकों से अपनी समस्याएं लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को अधिकारी नहीं मिलने के कारण निराश होकर लौटना पड़ रहा है। वहीं, तीनों अनुभागों में नई पदस्थापना कब होगी, इसे लेकर अब लोगों की नजर प्रशासन के अगले आदेश पर टिकी हुई है।
तीनों एसडीएम का तबादला, नई पदस्थापना का इंतजार
प्रशासनिक फेरबदल के तहत सूरजपुर एसडीएम शिवानी जायसवाल, भैयाथान एसडीएम चांदनी कंवर और प्रतापपुर एसडीएम ललिता भगत का तबादला किया गया है। अधिकारियों की विदाई के बाद तीनों अनुभागों में नई पदस्थापना नहीं हुई है। एसडीएम कार्यालयों में जमीन संबंधी प्रकरण, सीमांकन, नामांतरण, राजस्व विवाद सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य होते हैं। ऐसे में एसडीएम की पदस्थापना नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ने की बात सामने आ रही है।
तबादला कर दिया, अब खाली कुर्सियां कब भरेंगी?
ग्रामीणों का कहना है कि एसडीएम कार्यालय में काम के लिए उन्हें कई बार दूर-दराज के गांवों से आना पड़ता है। अधिकारी नहीं मिलने की स्थिति में समय और पैसा खर्च करने के बाद भी उन्हें बिना काम के लौटना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले के साथ ही उनके स्थान पर नई पदस्थापना होनी चाहिए, ताकि आम लोगों से जुड़े जरूरी काम प्रभावित न हों।
पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने सरकार पर साधा निशाना
पूर्व शिक्षा मंत्री और कांग्रेस नेता डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने तीनों एसडीएम कार्यालयों में पद रिक्त होने को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों का स्थानांतरण करने से पहले उनके स्थान पर नए अधिकारियों की पदस्थापना सुनिश्चित की जानी चाहिए थी। टेकाम ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बिना पर्याप्त तैयारी के प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले कर रही है। उनके मुताबिक, अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद महत्वपूर्ण पद खाली रह जाने से आम लोगों को अपने काम के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
तत्काल नए एसडीएम की पदस्थापना की मांग
डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने सरकार से सूरजपुर, भैयाथान और प्रतापपुर में तत्काल नए एसडीएम की पदस्थापना करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि एसडीएम कार्यालय आम जनता के लिए महत्वपूर्ण प्रशासनिक केंद्र हैं, जहां राजस्व और अन्य जरूरी मामलों से जुड़े कार्य होते हैं। अब सवाल यह है कि तबादले के बाद खाली हुईं तीनों एसडीएम की कुर्सियां कब भरेंगी? नई पदस्थापना में हो रही देरी को लेकर जिले में चर्चा शुरू हो गई है।

