Balrampur Crime News: बलरामपुर: जिले के डौरा चौकी क्षेत्र में हत्या के एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करने का दावा किया है। ग्राम कोदौरा निवासी वसीम अंसारी के लापता होने के बाद जंगल में उसका कटा हुआ सिर मिला था। मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने हत्या की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
मामले की शुरुआत 2 अक्टूबर 2026 की शाम हुई। ग्राम कोदौरा निवासी वसीम अंसारी एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG15CQ3388 से गांव की ओर जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। अगले दिन सुबह करीब 8 बजे उसकी एक्टिवा मक्का बाड़ी के पास मिली, जबकि वसीम का कोई सुराग नहीं था।
जंगल में नाले के पास गड्ढे में मिला कटा सिर
परिजनों की शिकायत पर डौरा चौकी पुलिस ने गुमशुदगी की जांच शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों से सूचना मिली कि भीतर चिल्मा उबका जंगल में नाले के पास एक गड्ढे में एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक के भाई से पहचान कराई गई, जिसके बाद सिर की पहचान वसीम अंसारी के रूप में हुई।
पति-पत्नी पर हत्या की वारदात में शामिल होने का आरोप
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सोनू खैरवार और उसकी पत्नी मनबासो ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि दोनों ने हत्या के बाद शव को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाने की बात भी बताई है।
महिला ने फोन कर वसीम को मिलने बुलाया था
पुलिस के मुताबिक, मनबासो और वसीम अंसारी के बीच पूर्व से संबंध थे। आरोप है कि 2 अक्टूबर की शाम मनबासो ने फोन कर वसीम को मिलने के लिए बुलाया। उसके पहुंचने के बाद मनबासो और सोनू ने कथित तौर पर पूर्व योजना के तहत कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद अपराध छिपाने के उद्देश्य से शव और सिर को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया गया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी सोनू खैरवार (30), निवासी ग्राम कोटडीह और उसकी पत्नी मनबासो (25) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 47/2026 और धारा 140(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों और घटनाक्रम की जांच जारी है।

