Asian Games 2026 IND vs PAK Cricket Final: भारत ने एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 211 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवर में 192 रन ही बना सकी। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम भी गोल्ड मेडल जीत चुकी है। इस तरह भारत ने महिला और पुरुष, दोनों क्रिकेट स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किया।
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव सूर्यवंशी 9 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में दो छक्के लगाए। इसके बाद संजू सैमसन भी केवल 4 गेंदों पर 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
अभिषेक शर्मा ने मचाई तबाही
शुरुआती झटकों के बाद अभिषेक शर्मा ने मोर्चा संभाला। कप्तान श्रेयस अय्यर ने उनका साथ दिया, हालांकि अय्यर तेजी से रन नहीं बना सके। वह 24 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए। दूसरी ओर अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और शानदार अर्धशतक पूरा किया। वह शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन 28 गेंदों पर 61 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी पारी में 7 छक्के और 3 चौके शामिल रहे।
तिलक वर्मा ने आखिरी ओवरों में बदला मैच
अभिषेक के आउट होने के बाद भारत की रनगति कुछ धीमी हुई। शिवम दुबे और तिलक वर्मा ने पहले संभलकर बल्लेबाजी की, लेकिन आखिरी ओवरों में दोनों ने तेजी से रन जुटाए। तिलक वर्मा ने 22 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए। उन्होंने 4 छक्के और 3 चौके लगाए। वहीं शिवम दुबे ने 15 गेंदों पर 27 रन की पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। भारत ने 20 ओवर में 211 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
पाकिस्तान की पारी 192 रन पर सिमटी
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत भी खराब रही। कप्तान साहिबजादा फरहान 11 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद उस्मान खान भी सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। माज सदाकत ने 18 गेंदों पर 23 रन बनाए, लेकिन वह अपनी पारी को बड़ी पारी में नहीं बदल सके।
शुरुआती विकेट गिरने के बाद पाकिस्तान पर दबाव बढ़ गया। हसन नवाज और सैम अयूब ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 192 रन ही बना सकी और भारत ने 19 रन से फाइनल अपने नाम कर लिया।
अक्षर, सुंदर और दुबे ने चटकाए दो-दो विकेट
भारत की जीत में गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा। अक्षर पटेल ने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट लिए। वॉशिंगटन सुंदर ने भी 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। शिवम दुबे ने 3 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट चटकाए। जसप्रीत बुमराह को कोई विकेट नहीं मिला, उन्होंने 4 ओवर में 33 रन दिए।
इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट का स्वर्ण पदक जीत लिया। महिला टीम के गोल्ड के बाद पुरुष टीम की यह कामयाबी भारत के लिए क्रिकेट में डबल गोल्ड का यादगार मौका बन गई।

