India vs Pakistan U-19 Final: अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर 1 विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 337 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने आखिरी गेंद पर 9 विकेट खोकर 339 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की जीत में मोहित उल्वा और मनल चौहान ने अहम भूमिका निभाई।
पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने 107 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि अब्दुल कादिर ने 80 और कप्तान फरहान युसूफ ने 63 रन बनाए। भारत की ओर से काव्य पटेल ने चार और वेंकट ने तीन विकेट लेकर पाकिस्तान को 337 रन पर रोकने में अहम योगदान दिया।
338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी हुई। आर्यवीर ने 58 और लक्ष्य ने 80 रन बनाए। हालांकि, इसके बाद भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और टीम ने 252 रन पर 8 विकेट गंवा दिए।
मुश्किल समय में मनल चौहान और मोहित उल्वा ने पारी संभाली। दोनों ने नौवें विकेट के लिए 57 रन जोड़े। मनल ने 47 रन बनाए, जबकि मोहित उल्वा ने 26 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 49 रन ठोक दिए। आखिरी विकेट के लिए चिगुरुपति वेंकट के साथ उनकी साझेदारी ने भारत को जीत के करीब पहुंचाया और आखिरी गेंद पर टीम ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

