Mohla-Manpur News : बकरियां चरा रही महिलाओं के सामने आया बाघ, पांच मवेशियों के मारे जाने की सूचना से बढ़ी चिंता

Mohla-Manpur News : बकरियां चरा रही महिलाओं के सामने आया बाघ, पांच मवेशियों के मारे जाने की सूचना से बढ़ी चिंता

Chhattisgarh Mohla-Manpur News: मोहला-मानपुर। औंधी तहसील क्षेत्र में एक बार फिर बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। ग्राम रेंगाटोला के पास खेत-खलिहानों के बीच बाघ ने बकरियों के झुंड पर हमला कर दिया। घटना के दौरान करीब छह महिलाएं बकरियां चरा रही थीं। बाघ को अचानक सामने देखकर महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।

ग्रामीणों के अनुसार बाघ ने पहले एक बकरी को दबोचा और इसके बाद एक के बाद एक पांच बकरियों का शिकार किया। घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो दो बकरियां मृत अवस्था में पड़ी मिलीं, जबकि तीन अन्य बकरियों के वहां नहीं होने की बात सामने आई। अगले दिन वन अमले के साथ ग्रामीण दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां पड़ी दोनों मृत बकरियां भी नहीं मिलीं।

ग्रामीणों का दावा है कि बाघ पांचों बकरियों को अपने साथ ले गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी और गश्त बढ़ा दी है। बाघ की मौजूदगी को लेकर मवेशी चराने वाले ग्रामीणों और किसानों में भी सतर्कता बढ़ गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि बाघ के गांव के नजदीक पहुंचने और मवेशियों पर हमला करने से क्षेत्र में भय का माहौल है। फिलहाल वन विभाग बाघ की गतिविधियों पर नजर रख रहा है और ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।


Related Articles