Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के परिवहन विभाग की 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क बस पास देने की पहल को ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया गया है। विभाग के अनुसार इस पहल का उद्देश्य बुजुर्गों की यात्रा को आसान और सम्मानजनक बनाना है।
इस उपलब्धि पर परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने विश्व रिकॉर्ड को प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि अधिक उम्र में स्वास्थ्य और अन्य सामाजिक कारणों से यात्रा करना कठिन हो सकता है, ऐसे में निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपयोगी कदम है। उन्होंने कहा कि परिवहन व्यवस्था को सुविधाजनक बनाने के साथ उसमें संवेदनशीलता और सम्मान को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
परिवहन मंत्री ने बताया कि राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों तक यात्री बस सेवा पहुंचाने के लिए भी कार्य किए जा रहे हैं। ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना’ के तहत 69 चयनित मार्गों पर बस संचालन से 450 नए गांवों को यात्री बस सेवा से जोड़े जाने की जानकारी दी गई। वहीं वर्ष 2026-27 के लिए 200 नई बसों के संचालन की कार्ययोजना तैयार की गई है।
परिवहन सेवाओं को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन परमिट, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD), फिटनेस प्रमाण-पत्र और महिला यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े प्रबंधों पर भी जोर दिया जा रहा है। विभाग का लक्ष्य वरिष्ठ नागरिकों के साथ महिलाओं, दिव्यांगों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

