Raipur News : हैदराबाद, तिरुपति और वास्को डी गामा की ट्रेनों पर असर, यात्रा से पहले 139 या NTES पर चेक करें स्टेटस

Raipur News : हैदराबाद, तिरुपति और वास्को डी गामा की ट्रेनों पर असर, यात्रा से पहले 139 या NTES पर चेक करें स्टेटस

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ से रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। रेलवे के नॉन-इंटरलॉकिंग और ट्रैक से जुड़े कार्यों के चलते दिसंबर में लंबी दूरी की कई एक्सप्रेस ट्रेनों के निर्धारित फेरे रद्द किए गए हैं। इनमें हैदराबाद-रक्सौल, तिरुपति-रक्सौल और वास्को डी गामा-जसीडीह एक्सप्रेस शामिल हैं। अलग-अलग ट्रेनों के फेरे 7 से 17 दिसंबर के बीच प्रभावित रहेंगे।

रेलवे के अनुसार ट्रेन नंबर 17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस 10 दिसंबर को रद्द रहेगी, जबकि ट्रेन नंबर 17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस 13 दिसंबर को अपने प्रारंभिक स्टेशन से रवाना नहीं होगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस के 7 और 14 दिसंबर के फेरे रद्द रहेंगे। ट्रेन नंबर 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस 10 और 17 दिसंबर को संचालित नहीं होगी।

गोवा से झारखंड के बीच चलने वाली ट्रेन भी प्रभावित होगी। ट्रेन नंबर 17321 वास्को डी गामा-जसीडीह एक्सप्रेस 11 दिसंबर को रद्द रहेगी, जबकि ट्रेन नंबर 17322 जसीडीह-वास्को डी गामा एक्सप्रेस 14 दिसंबर को नहीं चलेगी। इन ट्रेनों के रद्द होने से छत्तीसगढ़ के साथ आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार और गोवा के यात्रियों की यात्रा भी प्रभावित हो सकती है।

इसके अलावा दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में सीनी-राजखरसावां सेक्शन की अप और डाउन लाइन पर ट्रैक बदलने का काम किया जाएगा। इसके लिए 24 नवंबर से 15 जनवरी तक मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस कार्य का असर बिलासपुर से होकर चलने वाली ट्रेनों पर भी पड़ेगा। रेलवे ने इस दौरान तीन ट्रेनों को रद्द और दो ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले ट्रेन का वास्तविक स्टेटस जरूर जांच लें। यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139 या नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) के जरिए ट्रेन के संचालन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यात्रा से पहले ट्रेन नंबर डालकर स्टेटस चेक करने से अंतिम समय में होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है।


Related Articles