Bilaspur News : तालाब किनारे युवकों ने मामा-भांजे को घेरकर पीटा, पैसे देने से इनकार करने पर डंडे, बेल्ट और पाइप से हमला

Bilaspur News : तालाब किनारे युवकों ने मामा-भांजे को घेरकर पीटा, पैसे देने से इनकार करने पर डंडे, बेल्ट और पाइप से हमला

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम बसहा में तालाब किनारे मामा-भांजे को घेरकर मारपीट करने और जबरन रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक शुभम, कुलेश्वर, डब्बू समेत अन्य युवकों ने दोनों से लड़की के संबंध में पूछताछ की और इसके बाद शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर दोनों की डंडे, बेल्ट और पाइप से पिटाई की गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान 7 हजार रुपये भी जबरन लिए गए।

कबीरधाम जिले के ग्राम किशुनगढ़ निवासी गणेश कुमार चंद्राकर अपने जीजा के घर ग्राम डंगनिया आया था। शाम को वह अपने भांजे दुखभंजन के साथ बाइक से ग्राम करमा स्थित अपने मामा के घर गया था। वहां खाना खाने के बाद दोनों रात में डंगनिया लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम बसहा में तालाब के पास वे कुछ देर के लिए रुके थे।

शिकायत के अनुसार इसी दौरान शुभम, कुलेश्वर, डब्बू समेत अन्य युवक वहां पहुंच गए। युवकों ने दोनों से लड़की को लेकर पूछताछ की। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और युवकों ने दोनों को घेर लिया। इसके बाद शराब पीने के लिए रुपये मांगे गए। मामा-भांजे द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर आरोपितों ने डंडे, बेल्ट और पाइप से दोनों की पिटाई कर दी। मारपीट में दोनों के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आईं।

शिकायत में गणेश कुमार चंद्राकर ने बताया कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने उसकी जेब से पांच हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद फोन-पे के माध्यम से दो हजार रुपये राहुल कुमार मरावी के खाते में ट्रांसफर करवाए गए। इस तरह कुल सात हजार रुपये लिए जाने का आरोप लगाया गया है।

घटना के बाद गणेश कुमार चंद्राकर सीपत थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले में आरोपितों की तलाश करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।


Related Articles