Durg News : कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण और निर्वाचन प्रक्रिया की जांच की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

Durg News : कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण और निर्वाचन प्रक्रिया की जांच की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, ‘वोट चोरी’ के आरोपों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर एवं भिलाई नगर के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस भवन दुर्ग से कलेक्टर कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला गया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच की मांग की।

विरोध मार्च में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रमुख रूप से शामिल हुए। उनके साथ जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, भिलाई नगर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, पूर्व विधायक अरुण वोरा, महापौर निर्मल कोसरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस भवन से शुरू हुआ मार्च विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़ा। पटेल चौक के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते हुए बिजली कार्यालय के सामने लगाए गए बैरिकेड तक पहुंचे, जहां भी पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी हुई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नाम पर प्रतीकात्मक पुतले जलाकर विरोध दर्ज कराया। इसके बाद प्रदर्शनकारी कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़े, जहां पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच फिर झूमाझटकी की स्थिति बनी।

कांग्रेस की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच की मांग की गई। ज्ञापन में इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित एक रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए निर्वाचन आयोग की आंतरिक कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों की जांच की मांग भी रखी गई।

कांग्रेस ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना और गलत तरीके से दर्ज नामों के संबंध में पारदर्शी प्रक्रिया अपनाया जाना आवश्यक है। पार्टी ने नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन से संबंधित प्रक्रियाओं की नियमानुसार समीक्षा की मांग की।

ज्ञापन में ‘वोट चोरी’ से संबंधित लगाए गए आरोपों और शिकायतों की तथ्यात्मक जांच की मांग भी की गई। कांग्रेस ने कहा कि यदि जांच में किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर निर्वाचन प्रक्रिया अथवा मतदाता सूची को प्रभावित करने का मामला प्रमाणित होता है, तो संबंधित कानून के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।

कांग्रेस ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित रिकॉर्ड, आपत्तियों, दावों, फॉर्म-6 और अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच तथा आवश्यकतानुसार परीक्षण कराने की मांग की। साथ ही राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को नियमानुसार आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था से सीधे जुड़ी हुई है, इसलिए इससे संबंधित शिकायतों का समाधान निर्धारित नियमों और पारदर्शी जांच प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया, प्राप्त आपत्तियों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की।

भूपेश बघेल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। यह मांग उन्होंने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों के संदर्भ में रखी।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ज्ञापन में उठाए गए सभी विषयों पर संबंधित निर्वाचन अधिकारियों से नियमों के अनुरूप जांच और आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा है। विरोध मार्च में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर और भिलाई नगर के पदाधिकारी, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्ष, कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Related Articles