Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। क्षमावाणी पर्व के पावन अवसर पर स्थानीय जैन भवन में श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन महासभा की ओर से भव्य एवं भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक दिगंबर जैन समाज के श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान धर्म, तप, परस्पर वात्सल्य और क्षमा भावना का संदेश दिया गया तथा श्रद्धालुओं ने जाने-अनजाने में हुई भूलों के लिए एक-दूसरे से क्षमा याचना की।
समिति के अध्यक्ष प्रशांत जैन एवं मंत्री सोमेश जैन ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। अध्यक्ष प्रशांत जैन ने सांसद विजय बघेल के साथ सामूहिक क्षमावाणी कराई। श्री पारसनाथ दिगंबर जैन पंचायत महासभा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी उपस्थित समाजजनों से विनम्रतापूर्वक क्षमा याचना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने जैन समाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि जैन समाज प्रबुद्ध और अहिंसा प्रिय समाज है। उन्होंने जैन भवन की धार्मिक पवित्रता का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां निरंतर साधु-संतों और मुनियों के चरण पड़ते रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे गलत के खिलाफ हमेशा दृढ़ता से खड़े हैं और अंततः सत्य का ही साथ देंगे।
कार्यक्रम के दौरान समाज की ओर से जैन भवन और उससे जुड़े विवाद को लेकर अपनी पीड़ा भी व्यक्त की गई। समाजजनों ने कहा कि इस भवन की नींव 1960 के दशक में समाज की पहली पीढ़ी और उनके पुरखों ने रखी थी। उन्होंने क्षमावाणी जैसे धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन को लेकर सामने आई परिस्थितियों पर दुख व्यक्त किया। इस दौरान विवाद की मध्यस्थता के लिए तैयार होने की बात भी कही गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण और भजनों के साथ हुआ। इसके बाद पंडित अक्षय जी ने क्षमावाणी पर्व के महत्व और उत्तम क्षमा के सिद्धांतों पर सारगर्भित प्रवचन दिए। उन्होंने क्षमा, संयम और परस्पर प्रेम को जैन धर्म की महत्वपूर्ण शिक्षाओं के रूप में बताया।
धर्म की प्रभावना को बढ़ाते हुए कठिन तपस्या करने वाले उपवासकर्ताओं का मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल द्वारा शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। सम्मानित तपस्वियों में संजीव कासलीवाल, पप्पू जैन छावड़ा, विमुक्ति छावड़ा, अनिता जैन कमल, रिचा जैन, स्वाति जैन, साधना सुनील जैन, सीमा कोशल, सुषमा जैन, निकिता विपिन जैन, ज्योत्सना काला, श्रेया सौरभ जैन, श्रेयांश जैन रुवाबांधा, परी जैन, आयुष जैन, आरुषि जैन रुवाबांधा, रानू जैन, अंकिता सौरभ जैन रुवाबांधा, नीशा जैन मरोदा और शिखर जैन शामिल रहे।
जैन पाठशाला के बच्चों और महिला मंडल की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और भक्तिमय वातावरण बनाया। पाठशाला के बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पारितोषिक भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के समापन के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक वात्सल्य भोज में हिस्सा लिया। इसके बाद समाजजनों ने एक-दूसरे से गले मिलकर पुनः क्षमावाणी की और आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन महासभा के अध्यक्ष प्रशांत जैन ने की। संचालन मंत्री सोमेश जैन एवं कोषाध्यक्ष जिनेंद्र जैन ने किया। आयोजन को समाज के संरक्षक महावीर प्रसाद निगोतिया, प्रभात जैन, ज्ञानचंद बाकलीवाल, देवेंद्र जैन, वीके जैन एवं डॉ. जिनेंद्र जैन का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। प्रशासनिक एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संजीव कासलीवाल ने संभाली। आयोजन को सफल बनाने में नीना जैन, अचला जैन, सीमा नाहर, नेहा बाकलीवाल, भव्या जैन, राजेश जैन, कमल जैन, साकेत जैन, वरुण जैन, शिम्पी जैन, संजीव छोटे, भरत गोधा, पंकज जैन, संजू कासलीवाल, विपिन विनायके, अशोक निगोतिया, गौरव बाकलीवाल और अमित अजमेरा सहित समिति के सदस्यों का योगदान रहा।

