Baloda Bazar News: नाबालिग से दुष्कर्म और वीडियो बनाने के आरोप में आरोपी को 20 साल की सजा, अलग-अलग धाराओं में भी दंड

Baloda Bazar News: नाबालिग से दुष्कर्म और वीडियो बनाने के आरोप में आरोपी को 20 साल की सजा, अलग-अलग धाराओं में भी दंड

Chhattisgarh Baloda Bazar News: बलौदा बाजार। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को शादी का प्रलोभन देकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में अदालत ने आरोपी को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अपर सत्र न्यायाधीश भाटापारा सतीश कुमार जायसवाल ने आरोपी मनीष डोंडे को पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में दोषी ठहराते हुए सजा और अर्थदंड से दंडित किया है।

विशेष लोक अभियोजक संजय बाजपेयी के अनुसार, पीड़िता की मां ने 15 जुलाई 2024 को भाटापारा ग्रामीण थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 15 वर्षीय किशोरी 6 जुलाई 2024 को सुबह करीब 11 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। उसका मोबाइल फोन भी बंद था।

अगले दिन सुबह करीब 9 बजे किशोरी घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। उसके बयान के अनुसार, आरोपी मनीष डोंडे स्कूल के गेट के पास पहुंचा और उसे धमकी देकर मोटरसाइकिल पर बैठाकर मदकूदीप ले गया। मंदिर के पास बातचीत के बाद जब किशोरी ने घर छोड़ने के लिए कहा तो आरोपी उसे पास के एक घर में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में बनाया था।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सहायक उपनिरीक्षक पुष्पा राठौर ने विवेचना पूरी कर न्यायालय में चालान पेश किया।

मामले की सुनवाई के दौरान विशेष लोक अभियोजक संजय बाजपेयी ने अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए। अभियोजन पक्ष ने आरोपी को कठोर सजा देने की मांग की।


Related Articles