Raigarh News: रायगढ़ में 74 सरकारी स्कूलों के बिजली कनेक्शन कटे, 47.68 लाख रुपए का बिल बकाया; गर्मी में बिना पंखे बैठ रहे बच्चे

Raigarh News: रायगढ़ में 74 सरकारी स्कूलों के बिजली कनेक्शन कटे, 47.68 लाख रुपए का बिल बकाया; गर्मी में बिना पंखे बैठ रहे बच्चे

Chhattisgarh Raigarh News: रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के कारण 74 सरकारी स्कूलों और शिक्षा विभाग से जुड़े कनेक्शन काट दिए गए हैं। इन कनेक्शनों पर कुल 47.68 लाख रुपए का बिजली बिल बकाया बताया गया है। इनमें 72 स्कूलों पर करीब 23.10 लाख रुपए और शिक्षा विभाग के दो कनेक्शनों पर करीब 24.58 लाख रुपए की राशि बकाया है।

बिजली कनेक्शन कटने के बाद स्कूलों में पंखे और लाइट बंद हो गए हैं। गर्मी के बीच बच्चों को बिना पंखे के कक्षाओं में बैठना पड़ रहा है। कई कक्षाओं में 40 से 50 से अधिक विद्यार्थी होने के कारण परेशानी और बढ़ गई है। वहीं, लाइट बंद होने से बच्चों को पढ़ने-लिखने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं, कटे कनेक्शन

बिजली कंपनी की ओर से शिक्षा विभाग को बकाया बिल जमा करने के लिए पहले नोटिस जारी किया गया था। विभाग को 10 सितंबर तक बकाया राशि जमा करने का समय दिया गया था। तय समय सीमा में भुगतान नहीं होने के बाद रायपुर से इन 74 कनेक्शनों को ऑटोमेटिक तरीके से काट दिया गया।

बिजली विभाग के मुताबिक, जिन स्कूलों का बकाया भुगतान किया जा रहा है, वहां कनेक्शन दोबारा जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जिन स्कूलों का भुगतान हो रहा, उनके कनेक्शन जोड़े जा रहे

बिजली विभाग जोन-1 के ईई आरके राव ने बताया कि स्कूलों पर बिजली बिल की बड़ी राशि बकाया थी। विभाग की ओर से पहले नोटिस दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद भुगतान नहीं होने पर कनेक्शन काटे गए।

उन्होंने बताया कि जिन स्कूलों की बकाया राशि जमा की जा रही है, उनके बिजली कनेक्शन दोबारा जोड़े जा रहे हैं।

बजट खत्म होने से सामने आई समस्या

जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू ने बताया कि पीएम श्री गवर्नमेंट नटवर इंग्लिश मीडियम स्कूल की प्राइमरी विंग समेत कई स्कूलों के बिजली कनेक्शन कटे हैं। उन्होंने बताया कि विभाग को जितना बजट उपलब्ध कराया गया था, उसका इस्तेमाल बिजली बिल के भुगतान में कर दिया गया।

डीईओ के मुताबिक, अतिरिक्त बजट की मांग की गई है और इसकी प्रक्रिया चल रही है। पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण बिजली बिल के भुगतान में देरी हुई, जिससे यह स्थिति सामने आई है।

रायगढ़ में करीब 2,200 सरकारी स्कूल

रायगढ़ जिले में करीब 2,200 सरकारी स्कूल संचालित हैं। फिलहाल यह पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं है कि किन-किन स्कूलों का बिजली बिल कितने समय से बकाया है। हालांकि, जिन स्कूलों पर बकाया राशि है, वहां बिजली कनेक्शन काटे जाने की समस्या सामने आ रही है।

कनेक्शन कटने से स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होने के साथ विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इन जगहों पर सबसे ज्यादा बिजली बिल बकाया

  • बीईओ कार्यालय, नटवर स्कूल के सामने — ₹13,72,834.59
  • डीईओ लाइब्रेरी, रायगढ़ — ₹10,84,923.17
  • प्रभारी प्रधान पाठक, शासकीय माध्यमिक शाला, जोन-2 — ₹3,94,969.88
  • नटवर हाई स्कूल, रायगढ़ — ₹1,89,450.60
  • प्रधान पाठक, कलमी (डीपापारा) — ₹1,73,560.49
  • गर्ल्स हाई स्कूल (पुत्रीशाला) — ₹1,57,847.85
  • शासकीय हाई स्कूल, चांदमारी — ₹1,29,177.05
  • प्राथमिक शाला, कबीर चौक — ₹63,688.48
  • प्राथमिक शाला, जूटमिल के सामने — ₹52,316.86
  • शासकीय प्राथमिक शाला, भगवानपुर-किरोड़ीमल नगर — ₹45,106.78

Related Articles