Durg Latest News: दिवाली पर दमकल विभाग की बढ़ी व्यस्तता, चार स्थानों पर आग बुझाई; कोई जनहानि नहीं

Durg Latest News: दिवाली पर दमकल विभाग की बढ़ी व्यस्तता, चार स्थानों पर आग बुझाई; कोई जनहानि नहीं

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। दीपावली की रात दुर्ग-भिलाई ट्विनसिटी में आगजनी की चार अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। तालपुरी, वैशाली नगर और सेक्टर-6 सहित विभिन्न इलाकों में आग लगने से कहीं घरों में रखा सामान तो कहीं नगर निगम जोन कार्यालय के सरकारी दस्तावेज जलकर खाक हो गए। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि इन घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

आगजनी की पहली घटना तालपुरी के बी ब्लॉक में हुई, जहां एक मोटरसाइकिल में आग लग गई। सूचना मिलने पर दुर्ग अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। दूसरी घटना वैशाली नगर थाना के पीछे एक घर में हुई। दमकल टीम के पहुंचने और आग पर काबू पाने तक घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था।

तीसरी घटना सेक्टर-6 स्थित नगर निगम के जोन कार्यालय क्रमांक-5 में हुई, जहां आग की चपेट में आने से सरकारी रिकॉर्ड जल गए। वहीं, चौथी घटना वैशाली नगर के गुरुनानक नगर स्थित एक मकान में सामने आई। यहां भी दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

दीपावली की रात अग्निशमन विभाग की टीमें दुर्ग-भिलाई के अलग-अलग इलाकों में आग बुझाने में जुटी रहीं। इसके साथ ही दमकल वाहनों के जरिए पेट्रोलिंग भी की गई। इस दौरान जयंती स्टेडियम के आसपास रात करीब 12 बजे 10 हजार से अधिक लोग पटाखे जलाते नजर आए। अधिकारियों ने लोगों को समझाइश दी और इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को भी दी गई।


Related Articles