Raipur News: सदर बाजार में जर्जर इमारत पर निगम की कार्रवाई, JCB से ढहाया जा रहा पुराना भवन

Raipur News: सदर बाजार में जर्जर इमारत पर निगम की कार्रवाई, JCB से ढहाया जा रहा पुराना भवन

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर में लंबे समय से जर्जर और पुराने भवनों को ढहाने की कार्रवाई अब शुरू हो गई है। रायपुर नगर निगम ने सदर बाजार इलाके में एक पुरानी जर्जर इमारत को गिराने का काम शुरू किया है। निगम की टीम JCB की मदद से भवन को ढहा रही है। हाल ही में नगर निगम की ओर से शहर में 35 से अधिक जर्जर मकानों को नोटिस जारी किए जाने की जानकारी सामने आई थी।

बता दें कि 11 और 12 सितंबर की दरमियानी रात सदर बाजार में एक पुराने भवन का हिस्सा गिरने की घटना सामने आई थी। घटना के दौरान गनीमत रही कि किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई। हालांकि, इस घटना ने शहर में जर्जर भवनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए थे। इसके बाद निगम प्रशासन की ओर से कार्रवाई तेज की गई है।

इससे पहले दिल्ली में जर्जर भवन गिरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी कलेक्टरों को पत्र लिखकर अपने-अपने जिलों में जर्जर भवनों की पहचान करने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बरसात के दौरान पुराने और कमजोर भवनों के गिरने की घटनाओं को देखते हुए भवनों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पर लगातार कार्रवाई का दबाव बना हुआ था।

रायपुर नगर निगम के अधिकारी के मुताबिक, अब तक 35 से अधिक पुराने और जर्जर मकानों को नोटिस जारी किया जा चुका है। सदर बाजार में हाल ही में भवन गिरने की घटना के बाद संबंधित इमारत को ढहाने की कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर सदर बाजार के संबंधित इलाके को पूरी तरह बंद किया गया है और मौके पर निगम के साथ पुलिस की टीम भी मौजूद है। कार्रवाई पूरी होने तक क्षेत्र में आवाजाही प्रतिबंधित रखी गई है।

निगम की कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत जताई है। लोगों का कहना है कि जर्जर भवनों को गिराने के लिए बरसात का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए था। ऐसे भवनों के कारण लंबे समय से जान-माल का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से त्योहारों के दौरान तेज आवाज में बजने वाले DJ पर भी प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई है, ताकि लोगों को तेज ध्वनि से राहत मिल सके।


Related Articles