Sakti News: अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 24 घंटे में पुलिस ने की कार्रवाई

Sakti News: अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 24 घंटे में पुलिस ने की कार्रवाई

Chhattisgarh Sakti News: सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र में अंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना ग्राम मेढ़ापाली स्थित अंबेडकर चौक की है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।

अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने की मिली थी सूचना

पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को ग्राम मेढ़ापाली के अंबेडकर चौक के पास स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रार्थी छत्रपाल आजाद, पिता महावीर, निवासी पलाड़ी खुर्द, थाना बाराद्वार, जिला सक्ती ने थाना डभरा में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी की शिकायत पर थाना डभरा में अपराध क्रमांक 350/26 के तहत धारा 298, 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के बाद तीन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और नजरी नक्शा तैयार किया। इसके साथ ही प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए गए। जांच के दौरान घटना में आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने 12 सितंबर को तीन आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमंत यादव (24), पिता श्याम कुमार यादव, साहिल भारद्वाज (19), पिता संतोष भारद्वाज और अमित बसंत (20), पिता कृष्ण कुमार बसंत के रूप में हुई है। तीनों आरोपी ग्राम मेढ़ापाली, थाना डभरा, जिला सक्ती के निवासी हैं।

नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष किया पेश

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दी। वहीं, मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण की आगे की विवेचना जारी है।

कई पुलिस टीमों का रहा विशेष योगदान

इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी डभरा निरीक्षक राजेश पटेल, उप निरीक्षक कमल मैरिसा, सहायक उप निरीक्षक शंकर लाल साहू सहित पुलिसकर्मियों की टीम का योगदान रहा। कार्रवाई में साइबर सेल सक्ती, चौकी फगुरम, चौकी अड़भार और थाना मालखरौदा की टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


Related Articles