Chhattisgarh Latest News: धरसीवा। राजधानी रायपुर से लगे सिमगा तहसील के हथबंद गांव स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। स्कूल परिसर में लंबे समय से जर्जर पिलर पर लगा लोहे का गेट अचानक 7 वर्षीय मासूम बच्चे के ऊपर गिर गया। हादसे में बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
लंबे समय से जर्जर था गेट
बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में लगा लोहे का गेट लंबे समय से जर्जर पिलर के सहारे खड़ा था। ग्रामीणों द्वारा कई बार गेट और पिलर की मरम्मत कराने की मांग की गई थी। इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन ने इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। आखिरकार जर्जर गेट गिरने से एक मासूम की जान चली गई।
हादसे के बाद जांच के आदेश
घटना के बाद प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। सिमगा एडीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि स्कूल प्रबंधन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था में किस स्तर पर लापरवाही बरती गई और जर्जर गेट को समय रहते दुरुस्त क्यों नहीं कराया गया।
स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्कूल परिसर में बच्चों के सुरक्षित भविष्य की नींव रखी जानी चाहिए, वहीं एक जर्जर गेट की वजह से मासूम की जान चली गई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि ग्रामीणों की शिकायतों के बावजूद जर्जर ढांचे की मरम्मत क्यों नहीं कराई गई।
हादसे के बाद अब ग्रामीण स्कूल प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि जांच के बाद लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन क्या कदम उठाएगा।

