Chhattisgarh Janjgir-Champa News: जांजगीर-चांपा। पिकनिक मनाने देवरी पहुंचे बिलासपुर के तीन युवकों की हसदेव नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना पंतोरा चौकी क्षेत्र के ग्राम देवरी चिचोली की है। हादसे की सूचना मिलने के बाद नगर सेना की बचाव टीम को मौके के लिए रवाना किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र से युवक पिकनिक मनाने देवरी पहुंचे थे। इसी दौरान हसदेव नदी में तैरते समय वे नदी के बीच बने भंवर में फंस गए। भंवर की चपेट में आने से तीनों युवक गहरे पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी देवरी के कोटवार ने पंतोरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी और युवकों के शवों की तलाश के लिए नगर सेना की बचाव टीम को रवाना किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

