Chhattisgarh Khairagarh News: खैरागढ़। शहर में चाकू-छुरी और अन्य धारदार हथियारों के संभावित दुरुपयोग को लेकर खैरागढ़ पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस ने नाबालिगों और युवाओं को हथियारों से दूर रहने की समझाइश देते हुए स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने या उनका प्रदर्शन करने पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की निगरानी केवल हथियार रखने वालों तक सीमित नहीं है, बल्कि हथियारों की बिक्री और उन्हें तैयार करने से जुड़े लोगों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने हार्डवेयर और बर्तन दुकानदारों को नाबालिगों या संदिग्ध लोगों को चाकू-छुरी बेचते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। किसी संदिग्ध खरीददार के नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।
चाकू में धार लगाने वाले कारीगरों और वेल्डिंग-फैब्रिकेशन संचालकों को भी पुलिस ने सतर्क किया है। पुलिस ने कहा है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति हथियार बनवाने, उसकी मरम्मत कराने या धार लगवाने का प्रयास करता है तो इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए। नाबालिगों को हथियार उपलब्ध कराने वालों की भूमिका सामने आने पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
ऑनलाइन शॉपिंग एप के गोदाम संचालकों और कर्मचारियों को भी पुलिस ने अलर्ट किया है। उन्हें चाकू, छुरी या अन्य धारदार वस्तुओं की संदिग्ध अथवा बार-बार होने वाली मांग पर नजर रखने और संबंधित रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का उद्देश्य हथियार अपराधियों या नाबालिगों तक पहुंचने से पहले ही संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करना है।
खैरागढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखना, हथियार लेकर घूमना, सार्वजनिक स्थान पर उनका प्रदर्शन करना या हथियारों के जरिए भय का माहौल बनाने जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से भी अपील की है कि हथियारों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

