Balodabazar News: बारिश बनी आफत, बलौदाबाजार में दो बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन, ग्रामीण और पर्यटक सुरक्षित

Balodabazar News: बारिश बनी आफत, बलौदाबाजार में दो बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन, ग्रामीण और पर्यटक सुरक्षित

Chhattisgarh Balodabazar News: बलौदाबाजार। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। तुरमा गांव में गुरुवार रात चार ग्रामीण और उनका पालतू कुत्ता बाढ़ के पानी में फंस गए। सूचना मिलते ही नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, बाढ़ में जवाहर विश्वकर्मा (45), मिठाईलाल विश्वकर्मा (55), उर्मिला बाई (50), मंजू विश्वकर्मा और उनका पालतू कुत्ता फंस गए थे। नगर सेना की टीम मोटरबोट लेकर मौके पर पहुंची, सभी को लाइफ जैकेट पहनाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। सफल रेस्क्यू के बाद स्थानीय लोगों ने नगर सेना की टीम का आभार जताते हुए भारत माता की जय के नारे लगाए।

लगातार बारिश के कारण जिले में नदी किनारे बसे गांवों में हालात गंभीर बने हुए हैं। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सभी अधिकारियों और नगर सेना को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य किया जा सके।

नगर सेना का यह अभियान जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी पुष्पराज सिंह के मार्गदर्शन तथा मेजर सोनसाय खरे और जितेंद्र कुर्रे के नेतृत्व में चलाया गया। 15 सदस्यीय बचाव दल मोटरबोट, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय और अन्य आधुनिक उपकरणों से लैस था।

इससे पहले गुरुवार सुबह बल्दाकछार स्थित ‘द ट्री ऑफ लाइफ रिसॉर्ट’ में बाढ़ के कारण फंसे पर्यटकों को भी पुलिस और नगर सेना की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बाहर निकालकर राहत पहुंचाई।


Related Articles