Bhilai News : चेन लूटने आए, लेकिन खाली हाथ भागे बदमाश, पुलिस ने मौके से बरामद की टूटी सोने की चेन

Bhilai News : चेन लूटने आए, लेकिन खाली हाथ भागे बदमाश, पुलिस ने मौके से बरामद की टूटी सोने की चेन

Chhattisgarh Bhilai News : भिलाई। भिलाई नगर थाना क्षेत्र के प्रियदर्शिनी परिसर में शुक्रवार सुबह चेन स्नेचिंग की कोशिश से इलाके में दहशत फैल गई। मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाते हुए गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। हालांकि महिला के साहसिक विरोध के कारण बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके और छीना-झपटी के दौरान करीब तीन तोले की सोने की चेन टूटकर सड़क पर गिर गई।

जानकारी के अनुसार, महिला अपने घर के सामने टहल रही थीं, तभी बाइक पर सवार अज्ञात बदमाश पहुंचे और अचानक उनकी चेन खींचने लगे। महिला ने तुरंत विरोध किया, जिससे बदमाश पूरी चेन लेकर भाग नहीं सके। चेन टूटकर जमीन पर गिर गई और पकड़े जाने के डर से आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी विजय अग्रवाल, सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी, थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जमीन पर गिरी सोने की चेन जब्त कर ली और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही नागरिकों से सुबह और देर शाम सुनसान इलाकों में सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।


Related Articles