Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित अश्लील हरकत के आरोप में पुलिस ने जनरल फिजिशियन डॉ. सुधीर कुमार हिसीकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग की शिकायत के आधार पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग अपने एक दोस्त का मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने के लिए डॉक्टर के क्लीनिक पहुंचा था। आरोप है कि चेकअप के बहाने डॉक्टर उसे एक अलग कमरे में ले गया और वहां उसके साथ अनुचित व्यवहार किया। शिकायत के मुताबिक, डॉक्टर ने नाबालिग के निजी अंगों को छुआ और उसे गले लगाया।
घटना के बाद नाबालिग ने पहले अपने दोस्तों और फिर परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन पद्मनाभपुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी डॉक्टर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर पहले भी अवैध गर्भपात से जुड़े एक मामले में जेल जा चुका है। वह मूल रूप से महाराष्ट्र का निवासी है और बीएएमएस की डिग्रीधारी है। उसकी पत्नी भी चिकित्सक हैं और ग्राम अंडा में संविदा पर पदस्थ हैं। दोनों पति-पत्नी एक एडॉप्शन सेंटर का संचालन भी करते हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और संबंधित दस्तावेजों सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

