Jagdalpur News: राजस्व व्यवस्था पर उठे सवाल, बस्तर के किसानों ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की

Jagdalpur News: राजस्व व्यवस्था पर उठे सवाल, बस्तर के किसानों ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की

Chhattisgarh Jagdalpur News: जगदलपुर। बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड में राजस्व व्यवस्था को लेकर किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित पटवारी उपेंद्र बघेल के खिलाफ कई बार लिखित शिकायतें और आवेदन देने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इसे लेकर ग्रामीणों के बीच प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

किसानों का कहना है कि शिकायतें दर्ज कराने के बाद उन्हें केवल आश्वासन मिले, लेकिन न तो किसी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया और न ही शिकायतों का समाधान किया। उनका आरोप है कि राजस्व अभिलेखों में त्रुटियां, किसान पुस्तिका और खसरा संबंधी समस्याएं, मुआवजा तथा अन्य लंबित मामलों का अब तक निराकरण नहीं किया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से किसानों का प्रशासन पर भरोसा कमजोर हो रहा है। उनका आरोप है कि लंबे समय से लंबित राजस्व मामलों के कारण उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने और सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की है। वहीं, समाचार लिखे जाने तक संबंधित अधिकारियों की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


Related Articles