नई दिल्ली। नीट पेपर लीक और छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसक झड़प के बाद सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं के बीच आज तीसरे दौर की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। यह बैठक शनिवार दोपहर 3:30 बजे आयोजित होगी, जिसमें सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह, जबकि CJP की ओर से सौरव दास और आशुतोष रांका शामिल होंगे।
बताया जा रहा है कि इस बैठक में सरकार CJP की प्रमुख मांगों पर अपना औपचारिक जवाब दे सकती है। दोनों पक्षों के बीच पहले दो दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक किसी ठोस सहमति पर फैसला नहीं हो सका है।
जंतर-मंतर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बैठक से पहले दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वीकेंड के मद्देनज़र अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। देर रात कई नए बैरिकेड्स लगाए गए, जिन्हें वेल्डिंग कर स्थायी रूप से जोड़ा गया है। बैरिकेड्स को लोहे की चेन से भी बांधा गया है, ताकि प्रदर्शनकारी उन्हें हटाने या नुकसान पहुंचाने में सफल न हो सकें।
इसके अलावा जंतर-मंतर के आसपास वज्र वाहन और दंगा-रोधी पुलिस बल पहले से तैनात हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
CJP ने आंदोलन तेज करने के दिए संकेत
CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि संगठन को उम्मीद है कि आज मुआवजे और कानूनी कार्रवाई से जुड़े मुद्दों पर लिखित सहमति बन जाएगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन की सबसे बड़ी मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर भी सरकार से स्पष्ट जवाब मिलने की उम्मीद है।
रांका ने चेतावनी दी कि यदि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा और जल्द ही देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का नया आह्वान किया जाएगा।
सरकार बातचीत से समाधान के पक्ष में
वहीं, सरकार लगातार वार्ता के माध्यम से विवाद का समाधान निकालने की कोशिश कर रही है। हालांकि CJP अब केवल शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक सीमित न रहकर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को भी आंदोलन का बड़ा मुद्दा बना रही है। ऐसे में आज की बैठक को इस पूरे विवाद के समाधान की दिशा में निर्णायक माना जा रहा है।

