Chhattisgarh Balodabazar News: बलौदाबाजार। रायपुर से गिधौरी जा रही यात्रियों से भरी रॉयल ट्रेवल्स की बस की ग्राम सकरी के पास एक ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 19 यात्री घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस और डायल-112 की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम पहले से तैयार थी और सभी घायलों का तत्काल उपचार शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, अधिकांश यात्रियों के सिर में चोटें आई हैं, हालांकि सभी बड़े खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा से फोन पर घायलों का हाल जाना और बेहतर उपचार के निर्देश दिए। वहीं, नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा भी जिला अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
चार घायलों का इलाज जारी
सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि हादसे में घायल हुए 19 यात्रियों में से चार का इलाज जारी है। उनकी स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। बाकी यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस कर रही जांच
कोतवाली के एएसआई सुनील खुंटे ने बताया कि ग्राम सकरी स्थित आईटीआई के पास बस और ट्रक की टक्कर हुई है। घायलों का इलाज जारी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्राम सकरी के पास अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं। उन्होंने दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन से प्रभावी और स्थायी यातायात सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

