Jagdalpur News: सुपुर्दनामा और दस्तावेज देने के एवज में रिश्वत, एसीबी ने महिला प्रधान आरक्षक को दबोचा

Jagdalpur News: सुपुर्दनामा और दस्तावेज देने के एवज में रिश्वत, एसीबी ने महिला प्रधान आरक्षक को दबोचा

Chhattisgarh Jagdalpur News: जगदलपुर। बस्तर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने कोड़ेनार थाना में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक पिलेश्वरी साहू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने जब्त ट्रैक्टर से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने और वाहन को सुपुर्दनामा पर छोड़ने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।

एसीबी के अनुसार, ग्राम कोड़ेनार, बास्तानार निवासी बंगालू यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने खेती के लिए अपने नाम पर आयशर ट्रैक्टर (CG 17 KY 1023) खरीदा था, जिसे घरेलू कार्य के लिए ग्राम बड़े काल्लूर निवासी बुधराम को दिया गया था।

वर्ष 2025 में ट्रैक्टर-ट्रॉली से जुड़े एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले की जांच कोड़ेनार थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक पिलेश्वरी साहू के पास थी। शिकायत के अनुसार, जब्त ट्रैक्टर के दस्तावेज देने और वाहन को सुपुर्दनामा पर छोड़ने के लिए उन्होंने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।

शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, इसलिए उसने पूरे मामले की शिकायत एसीबी, जगदलपुर से की। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर 23 जुलाई 2026 को ट्रैप की कार्रवाई की गई।

पूर्व नियोजित योजना के तहत शिकायतकर्ता जैसे ही महिला प्रधान आरक्षक को 10 हजार रुपये देने पहुंचा और उन्होंने रकम स्वीकार की, पहले से तैनात एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल एसीबी आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


Related Articles