Raipur Congress Protest: रायपुर में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, कांग्रेस कार्यालय घेराव के दौरान बवाल; पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, वाटर कैनन का भी किया इस्तेमाल

Raipur Congress Protest: रायपुर में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, कांग्रेस कार्यालय घेराव के दौरान बवाल; पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, वाटर कैनन का भी किया इस्तेमाल

Raipur Congress Protest: रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के घेराव के आह्वान के विरोध में बुधवार को राजधानी रायपुर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। कांग्रेस कार्यालय के घेराव के लिए पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प, धक्का-मुक्की और नारेबाजी हुई। हालात बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा, इसके बाद आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े।

भाजपा ने पहले ही कांग्रेस कार्यालय घेराव का ऐलान किया था। पार्टी का आरोप है कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री आवास के घेराव के जरिए देश में अराजकता और हिंसा का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी के विरोध में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय की ओर कूच कर रहे थे।

प्रशासन ने कांग्रेस कार्यालय के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर भाजपा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। वहीं, कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता भी आमने-सामने आ गए, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

स्थिति बेकाबू होती देख पुलिस ने सबसे पहले वाटर कैनन के जरिए भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। आंसू गैस के कारण प्रदर्शन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कई कार्यकर्ता व नेता वहां से हट गए। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को पीछे धकेलते हुए स्थिति पर नियंत्रण पाया।

घटना के दौरान पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।


Related Articles